- भोपाल के चिरायु अस्पताल से गुरुवार को 34 लोग स्वस्थ होकर घर रवाना, अब यहां राजधानी में 1069 लोग ठीक हुए
- अब्बास हुसैन ने कहा- हौसला बनाएं रखें, घबराएं नहीं; बीमारी से ठीक होना कोई मुश्किल काम नहीं
दैनिक भास्कर
Jun 04, 2020, 06:39 PM IST
भोपाल. गुरुवार को एक बार फिर से भोपाल से राहत की खबर आई। यहां 75 साल के बुजुर्ग अब्बास हुसैन ने कोरोना को मात दी। चिरायु अस्पताल में भर्ती अलीगंज जुमेराती निवासी दो भाई और उनका छह लोगों का परिवार संक्रमण को मात देकर घर रवाना हो गया। स्वस्थ होने वालों में 75 साल के अब्बास हुसैन और उनकी 65 वर्षीय पत्नी अमीना जलानी, चचेरे भाई 50 साल के सज्जाद हुसैन शामिल हैं।
अब्बास हुसैन ने कहा, ‘मैं और मेरी पत्नी के साथ दो पोती जैनब, इंसिया और पोता तसीम जलानी भी भर्ती हुए थे। वह भी कोरोना संक्रमित थे, लेकिन हमने हिम्मत नहीं हारी। डॉक्टरों ने जो कहा वह किया। अब सबकी दुआ से ठीक होकर घर आ गए। उन्होंने कहा कि डरें नहीं। घबराएं नहीं। इस बीमारी से ठीक होना कोई मुश्किल काम नहीं है।
ठीक होने वाले कुसुम और शमीम ने कहा- अब हम लोगों को जागरूक करेंगे
इसी तरह ठीक होकर घर लौटने वालों की लिस्ट में बैरागढ़ की 65 वर्षीय कुसुम पचौरी और बाग उमराव दुल्हा निवासी 60 वर्षीय शमीम आलम का नाम भी है। कुसुम और शमीम ने कहा कि अब कोरोना के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। अपने पड़ोसियों और अन्य लोगों को इससे बचने के उपाय बताएंगे। दोनों महिलाओं ने कहा की बेहतर प्रबंधन और कुशल डॉक्टरों की वजह से इस उम्र में भी कोरोना से जंग जीतकर घर लौट सके।