- गुरुवार को भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर और सागर संभागों में बारिश हो रही
- उज्जैन और इंदौर में तूफान का असर रहेगा, बिजली गिरने का खतरा भी बहुत ज्यादा रहेगा
दैनिक भास्कर
Jun 04, 2020, 06:40 PM IST
भोपाल. अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान निसर्ग के प्रभाव के चलते समूचे मध्यप्रदेश में कल रात से जारी बारिश का सिलसिला आज दिन भर चलता रहा। इस बीच प्रदेश के 27 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि निसर्ग के प्रभाव के चलते प्रदेश भर में कल रात से जारी बारिश का दौर आज दिन भर चलता रहा। आज भोपाल में 36 मिमी, होशंगाबाद में 26 मिमी, सागर में 49 मिमी, रीवा में 22 मिमी, रायसेन में 46 मिमी, दमोह में 50 मिमी, शाजापुर में 23 मिमी, खजुराहो में 11 मिमी, पचमढ़ी में 12 मिमी के अलावा अन्य कई शहरों में वर्षा हुयी।
27 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 52 जिलों में से 27 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसमें रीवा, सीधी, सिंगरौली, सतना, अनूपपुर, शहड़ोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, भोपाल, होशंगाबाद, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, और अशोकनगर शामिल हैं।
बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक कहां कितनी बारिश
इसके पहले कल रात से सुबह तक प्रदेश के अनेक स्थानों पर वर्षा दर्ज की गयी। इसमें बड़वानी में 97 मिमी, शाजापुर के शुजालपुर में 58.0, बुरहानपुर में 50.3, छिंदवाड़ा में 28.0, भोपाल में 23.2, होशंगाबाद में 40.0, बैतूल में 25.2, सतना में 26.2, रीवा में 8.2, पचमढ़ी में 22.0, इंदौर में 51.2, जबलपुर में 19.0, सागर में 15.3, रायसेन में 16.4, दमोह में 22.0, इंदौर के महू में 55.9, उज्जैन में 13.0, मंडला में 43.0, नरसिंहपुर में 39.0 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है।
भोपाल का तापमान सामान्य से 17 डिग्री कम
राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में कल रात से जारी बारिश आज दिन भर हुयी। लगातार हो रही बारिश के चलते मौसम में ठंडक घुल गयी है। इसके चलते यहां दिन का तापमान गिरकर 22़ 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड पहुंच गया, जो सामान्य से 17 डिग्री कम है। वहीं, रात का तापमान 21़ 4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। दिन-रात के तापमान में केवल एक डिग्री का अंतर देखा गया।
8 साल बाद इतनी जल्द प्री-मानसून गतिविधि
2012 में मानसून 3 जून को ही सेट हो गया था। मई खत्म होने तक 5 इंच पानी गिर चुका था। लिहाजा मानसून घोषित करना पड़ा था। 8 साल बाद अब ऐसा अवसर आया है, जब जून के पहले दिन से ही प्री-मानसूनी गतिविधि शुरू हो गई। लेकिन सक्रिय मानसून 22 जून तक आएगा।
40 साल बाद दिखेगा तूफान का ऐसा असर
मौसम विशेषज्ञ अजय कुमार शुक्ला के मुताबिक 1980 में इस तरह का तूफान आया था। महाराष्ट्र में टकराने के बाद इंदौर, भोपाल, जबलपुर पर इसका असर हुआ था। हालांकि 2008-09, 2016-17 में भी गुजरात की तरफ से तूफान आने की चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन इसके भटक जाने की वजह इंदौर, भोपाल बेअसर रहे।
जून की बारिश का आधा कोटा पूरा हो सकता है
जून में औसत बारिश के 7 दिन माने जाते हैं। कुल 6 इंच बारिश इस महीने में होती है। गुरुवार को लगातार बारिश हुई तो आधा कोटा एक ही दिन में पूरा हो जाएगा। इसके बाद भी प्री-मानसून सक्रिय रहेगा। पिछले साल कुल 53 इंच पानी गिरा, लेकिन जून में 5 इंच ही बारिश हुई थी।