Indore Bhopal Madhya Pradesh Coronavirus Cases Live | Madhya Pradesh (MP) Coronavirus Outbreak Latest Updates/Corona COVID 19 Cases In Gwalior Morena Raisen Ratlam Ujjain Chhindwara Barwani Vidisha Khargone Latest Today June 4 News | राज्य में 8653 संक्रमित में से 5479 ठीक हुए; भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के कार्यकर्ताओं से मिले


  • अनलॉक के शुरुआती 3 दिनों में राज्य में संक्रमण के 499 नए केस आए
  • लॉकडाउन में छूट मिलते ही बाजार में भीड़ उमड़ी, धरना-प्रदर्शन भी शुरू

दैनिक भास्कर

Jun 04, 2020, 03:16 PM IST

भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 8640 पर पहुंच गई है। 5479 मरीज ठीक हो गए हैं, लेकिन संक्रमण अभी काबू होता नहीं दिख रहा। अनलॉक के शुरुआती 3 दिन में प्रदेश में 499 मरीज मिले। बुधवार सुबह भोपाल में 52, नीमच में 10, नरसिंहपुर में 3 केस मिले। राजधानी में 34 मरीज स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज भी किए गए। इसके अलावा बाजारों के खुलते ही आमदिनों से ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। इससे संक्रमण और ज्यादा बढ़ने का अंदेशा है। इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा की तस्वीर सामने आई है। इसमें वे जबलपुर जाते समय विदिशा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के बातचीत करते देखे गए। लॉकडाउन में छूट मिलते ही धरने-प्रदर्शन का दौर भी शुरू हो गया है

24 घंटे में 168 नए केस, अब तक 371 की जान गई
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 168 नए मामले सामने आए। 224 मरीज स्वस्थ हुए। 7 लोगों की मौत की भी पुष्टि हुई। संक्रमण से अब तक 371 लोगों की मौत हुई है। इंदौर में 27 नए केस मिले। यहां मरीजों की संख्या 3597 हो गई। अब तक 141 की मौत हुई है और 2132 व्यक्ति स्वस्थ हो गए हैं। 1324 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इसी तरह भोपाल में कुल संक्रमितों की संख्या 1624 हो गई है और 60 की मौत हो चुकी है। यहां पर 1111 मरीज कोरोना से स्वस्थ हो गए हैं और 487 का इलाज किया जा रहा है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बिना मास्क के कार्यकर्ताओं से मिले
बुधवार को अपनी ससुराल जबलपुर जाते समय भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कुछ देर विदिशा में बाइपास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान ना उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया और ना ही मास्क लगाया। वे कार्यकर्ताओं के साथ आम दिनों की तरह मुलाकात करते रहे और फोटो खिंचवाते रहे। उन्होंने प्रदेश में 24 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के बारे में चर्चा की। 

यह तस्वीर अशोकनगर की है। यहां बैंक के सामने इस तरह के नजारे रोज देखने को मिल रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग क्या होती है, ये 3 दिन में ही भूल गए हैं।

विदिशा: कांग्रेसियों का मास्क मुंह की बजाय गले पर रहा, पुलिस से भी झूमाझटकी
सहकारी खरीदी केंद्रों पर अफसरों की लापरवाही और अनदेखी से जिलेभर के किसान परेशान हैं। इस बात को लेकर बुधवार को विधायक शशांक भार्गव की अगुआई में कई कांग्रेसी कार्यकर्ता इकट्‌ठा हुए। इन्होंने ना तो मास्क लगाया और ना ही सोशल डिस्टेंसिग का पालन किया। कलेक्टरेट गेट के पास पुलिस-कांग्रेसियों के बीच झूमाझटकी हुई। कांग्रेस नेताओं ने यहां कार्यकर्ताओं से मास्क पहनकर आने की अपील की थी, लेकिन कई नेता ही मास्क नहीं पहने थे। जो आए उनके मास्क मुंह पर नहीं, गले पर थे। वहीं, सोाशल डिस्टेंसिंग तो कहीं नजर ही नहीं आई। 

विदिशा में बिना सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क के प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

रेलवे: रिजर्वेशन कराते समय उसी यात्री का मोबाइल नंबर देना होगा जो यात्रा करेगा
यदि आप रेलवे स्टेशन के काउंटर पर भी रिजर्वेशन करवा रहे हैं, तो अपने बारे में पूरी जानकारी देना होगी। मोबाइल नंबर भी उसी यात्री का दर्ज करना होगा, जिसका रिजर्वेशन करवाया गया है। ऐसा न करने पर संबंधित व्यक्ति को परेशानी उठानी पड़ सकती है। रेल अधिकारियों का कहना है कि रिजर्वेशन फॉर्म में सही जानकारी होने पर किसी भी प्रकार के संक्रमण की स्थिति में संबंधित यात्री तक पहुंचना और उसका इलाज करवाना आसान है। 

सीहोर के बाजारों में आम दिनों से ज्यादा भीड़ नजर आ रही है। यहां ज्यादातर लोग सोशल डिस्टेंसिंग तो दूर, मास्क भी नहीं पहन रहे।

बस ऑपरेटर्स बोले- किराया बढ़ाए बिना आधी सीटों पर सफर नहीं करवा सकते
राजधानी समेत प्रदेश के बस ऑपरेटर बिना किराया बढ़ाए, आधी सीटों पर यात्रियों को सफर करवाने के लिए तैयार नहीं हैं। वे चाहते हैं कि लॉकडाउन के महीनों का पूरा टैक्स माफ किया जाए, जिससे घाटे की भरपाई हो सके। हालांकि, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर बी. मधुकुमार का कहना है कि टैक्स माफी का फैसला राज्य सरकार को करना है। विभाग सरकार को इसकी जानकारी दे चुका है। डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर फाइनेंस गुणवंत सेवतकर का कहना है कि राज्य सरकार ने भोपाल, इंदौर और उज्जैन को छोड़कर अन्य स्थानों पर बसें चलाने का आदेश दे दिया है, लेकिन बस ऑपरेटर अपनी मांग पर अड़े हैं।

गुना में एक नया कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद फिर से टोटल लॉकडाउन लागू कर दिया गया है।

भोपाल: 4 दिन के अंदर 195 केस मिले
राजधानी में गुरुवार को 52 नए केस सामने आए। इसमें कोटरा सुल्तानाबाद में 10, हॉटस्पॉट ऐशबाग में 9, 25वीं बटालियन में 3, बुधवारा और बरखेड़ी में 2-2 और बैरागढ़ मच्छी मार्केट में एक संक्रमित मिला। अब संक्रमितों की संख्या 1624 हो गई। चिरायु अस्पताल से गुरुवार को 34 मरीजों की छुट्‌टी हुई। बुधवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 58 केस सामने आए थे। एक की मौत की पुष्टि हुई। राजधानी में लॉकडाउन में दी गई ढील और बाजार खुलने का नतीजा सामने आने लगा है। बीते 4 दिन में 195 केस सामने आए हैं। 

कोरोना अपडेट्स

  • नरसिंहपुर: कोरोना के 3 नए केस मिले। यहां संक्रमितों की संख्या 15 हो गई। ये तीनों महिलाएं हैं और एक ही परिवार से संबंधित हैं। हाल ही में गुजरात से यहां गोटेगांव के पास नगवारा गांव आए हैं। जिले में अभी तक दो मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 13 हैं।
  • नीमच: जिले में गुरुवार सुबह 10 केस मिले। इनमें से एक नीमच का और 9 जावद क्षेत्र के हैं। जिले में मरीजाें की संख्या 255 हो गई। 7 की मौत हो गई और 107 स्वस्थ हो चुके हैं।
  • सागर: जिले में 6 नए केस मिले। इनमें संत रविदास वार्ड का 55 साल का पुरुष, शास्त्री वार्ड का 31 साल का युवक, देवरी की 6 साल की लड़की, सिलारी का 10 साल का लड़का, कछियाना मुहल्ले की 70 साल की महिला और कटरा बाजार का 45 साल का पुरुष शामिल है।
  • श्योपुर: जिले में कोरोना के 4 केस मिले। संक्रमितों की संख्या अब 22 हो गई। यहां पिछले 5 दिन में 14 मरीज मिलने से लॉकडाउन लगाया गया है। वहीं, पहली बार विजयपुर में संक्रमित मिला। कुल एक्टिव केस 18 हो गए हैं। कोरोना से एक की जान गई।
  • रायसेन: रायसेन जिले के सरार पंचायत के कोलीखेड़ा गांव का एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। यह युवक भोपाल के भानपुर में काम करता था। हाल ही में गांव लौटा था। युवक का भोपाल में सैंपल लिया गया था। इस बीच वह गांव पहुंच गया।
  • भिंड: जिले में 3 नए केस मिले। संक्रमितों की संख्या 61 हो गई। इनमें 32 मरीज ठीक हो गए हैं। जिले में 29 एक्टिव केस हैं।
विदिशा में कोरोना के संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेते स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी।

अब तक 8588 संक्रमित: इंदौर में 3597, भोपाल में 1572, उज्जैन में 694, बुरहानपुर में 305, खंडवा में 251, जबलपुर में 260, नीमच में 242, सागर में 197, खरगोन में 169, ग्वालियर में 166, धार में 125, देवास में 104, मुरैना में 95, मंदसौर में 93, रायसेन में 68, भिंड में 58, बड़वानी में 53, रतलाम में 41, होशंगाबाद में 37, रीवा में 35, बैतूल और विदिशा में 31-31, छतरपुर में 29, दमोह मे 26, डिण्डोरी में 23, सतना में 21, पन्ना में 20, अनूपपुर और श्योपुर में 19-19, सीधी में 17, छिदंवाड़ा में 15, राजगढ़ में 14, आगर मालवा और झाबुआ में 13-13, शहडोल, नरसिंहपुर और अशोकनगर में 12-12, शाजापुर, सिंगरौली, उमरिया, टीकमगढ़, दतिया, शिवपुरी और सीहोर में 11-11, बालाघाट में 7, मंडला में 4, अलीराजपुर-हरदा-गुना में 3-3, सिवनी में 2 और कटनी में 1 मरीज मिला।

371 मरीजों की मौत: इंदौर में 141, भोपाल में 60, उज्जैन में 58, बुरहानपुर में 16, खंडवा में 14, जबलपुर में 10, सागर में 10, खरगौन में 11, नीमच में 5, धार में 3, ग्वालियर में 2, देवास में 9, मंदसौर में 8, मुरैना में 1, रायसेन में 3, बडवानी में 1, होशंगाबाद में 3, रतलाम में 1, सतना में 5, दमोह में 3, सीहोर और सीधी में 2-2, आगर मालवा, झाबुआ, अशोक नगर, छिदंवाड़ा, शाजापुर, दतिया,राजगढ़, सीहोर, श्योपुर, उमरिया, मंडला में 1-1 मरीज की मौत हो चुकी है। (स्वास्थ्य विभाग द्वारा 3 जून की रात 9 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार)



Source link