- नेपानगर थाना क्षेत्र के ग्राम सीवल की घटना, खंडवा जिले के ग्राम बेडियांव का रहने वाला है आरोपी
- हत्या के बाद मौके से भाग निकला आरोपी, पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी
दैनिक भास्कर
Jun 04, 2020, 09:38 PM IST
नेपानगर/बुरहानपुर. प्रधानमंत्री आवास के रुपए शराब पर खर्च करने पर पति-पत्नी में विवाद हो गया। इस पर पति उसे मायके छोड़ आया। दो दिन बाद शराब के नशे में ससुराल पहुंचा और पत्नी के पेट में चाकू से 4 वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी भाग निकला। घटना नेपानगर थाना क्षेत्र के ग्राम सीवल में बुधवार रात की है। पुलिस हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार खंडवा जिले के बेडियांव निवासी अर्जुन पिता शंकर शराब पीने का आदी है। बताते हैं पीएम आवास के लिए मिले रुपए उसने शराब पीने में खर्च कर दिया। इस बात को लेकर पत्नी सुलोचना के साथ उसका आए दिन विवाद होता था। दो दिन पहले विवाद होने पर वह सुलोचना को सीवल स्थित उसके मायके छोड़ गया।
बुधवार रात करीब 9.3 बजे वह शराब के नशे में ससुराल पहुंचा। इस दौरान सुलोचना घर के एक कमरे में अकेली थी। अर्जुन ने चाकू निकाला और उसके पेट में चार वार किए। खून से लथपथ सुलोचना जमीन पर गिर पड़ी। चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी दौड़कर मौके पर पहुंचे। उनको देखकर अर्जुन भाग निकला। गंभीर रूप से घायल सुलोचना को परिजन अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
पत्नी से आए दिन करता था विवाद, समझाने पर भी नहीं माना
सुलोचना के परिजन के अनुसार, अर्जुन शराब के नशे में आए दिन विवाद करता था। दो दिन पहले भी सुलोचना से विवाद किया और उसे मायके छोड़ गया। बुधवार रात यहां पहुंचा और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। दोनों के तीन बेटे हैं। सूचना मिलने पर नेपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। मायके में ही सुलोचना का अंतिम संस्कार किया गया। नेपानगर थाना प्रभारी पीके मुकेल ने बताया आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। उसकी तलाश कर रहे हैं। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।