- तेंदुए की उम्र 12 से 13 साल के बीच बताई जा रही, मौत की वजह गर्मी और भूख-प्यास मानी जा रही
- लाश पुरानी हो जाने के कारण पोस्टमाॅर्टम के लिए भोपाल के वन विहार भेजा गया तेंदुए के शव
दैनिक भास्कर
Jun 05, 2020, 10:41 PM IST
भोपाल. जिले के बाड़ी सिंघोरी अभयारण्य में एक तेंदुआ की भूख-प्यास से मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 6 दिन पहले 30 मई को भी रायसेन के कुदवई बीट में एक तेंदुए की भूख और प्यास से मौत हो गई थी। शुक्रवार को सिंघोरी अभयारण्य के ढूंढादेह के जंगल में यह दूसरा तेंदुआ मृत हालत में मिला। इसकी उम्र करीब 12 से 13 साल के बीच बताई जा रही। तेंदुए की लाश पुरानी हो जाने के कारण उसका पोस्टमार्टम भोपाल में किया जाएगा, इसलिए शव को वन विहार भोपाल भेजा गया है।
वन विभाग का अमला ढूढादेह के जंगल में गश्त पर निकला तो भंड़ारिया की पहाड़ी के चट्टानों के बीच जानवर की पूछ लटकती दिखाई दी। उन्होंने शोर मचाते हुए उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन कोई हलचल न होने पर वे उसके करीब पहुंचे और लाठी से हिलाया, लेकिन कोई हरकत न होने पर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। अभयारण्य अधीक्षक और औबेदुल्लागंज डीएफओ मौके पर पहुंचे। सिंघोरी अभयारण्य के अधीक्षक ओमकार सिंह मसकोले ने बताया कि तेंदुआ गुफा के पास ही मृत मिला है। संभवतः अत्यधिक गर्मी या लू लगने से उसकी मौत हो सकती है, क्योंकि उसके शरीर पर किसी के तरह के कोई निशान नहीं मिले हैं। वह उम्रदराज भी था।
30 मई को सौंसर के पास मिली थी तेंदुए की लाश
गुरुवार को कुदवई जंगल में वन विभाग के (सौंसर) पानी के खाली कुंड के पास एक तेंदुआ मृत मिला। वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और मृत तेंदुए को उठाकर अमरावत नर्सरी लेकर आए, यहां पर वेटरनेरी डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने तेंदुए का पोस्टमाॅर्टम किया। डॉक्टर ने बताया था कि तेंदुए की मौत प्रथम दृष्टया भूख, प्यास और लू से होना प्रतीत हो रहा है, उसकी आंतें पूरी तरह से खाली मिली हैं, इससे लगता है कि उसे लंबे समय से भोजन नहीं मिला है। साथ ही तेज गर्मी और लगातार भूखे प्यासे रहने से उसकी मौत हुई है। तेंदुए की उम्र करीब 9 साल के आसपास होगी और वह काफी दुबला पतला था। साथ ही वह लंगड़ा था।