- राज्यपाल ने कहा- राजभवन जैव विविधता और जैविक खेती का आदर्श प्रस्तुत करने वाला बने
- टमाटर के 150 पौधों से 7.5 क्विंटल और खीरे के 255 पौधों से 10 क्विंटल तक पैदावार संभव
दैनिक भास्कर
Jun 05, 2020, 08:46 PM IST
भोपाल. राजभवन में नए पॉली हाउस से सालभर सब्जियों की पैदावार करना संभव होगा। मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित संरक्षित खेती के लिए निर्मित पॉली हाउस का शुभारंभ किया।
इसमें हाई ब्रिड टमाटर के 150 पौधे रोपे गए हैं, जिससे करीब 7.5 क्विंटल उत्पादन होगा। इसी तरह खीरे के 255 पौधों से 10 क्विंटल उत्पादन होना का अनुमान है। उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिमला मिर्च के 80 पौधे लगाए हैं। इससे करीब ढाई क्विंटल फसल होगी। इसके साथ ही पत्ती वाली हरी सब्जियों का पॉली हाउस में औसत उत्पादन प्रति वर्ग फीट लगभग दो से तीन किलोग्राम रहेगा। इसका उद्देश्य सिर्फ इतना है कि राजभवन में आने वालों को मध्यप्रदेश की जैव विविधता, आधुनिक जैविक पद्धति से बागवानी और फल एवं पुष्प उद्यान की लाभकारी और आत्मनिर्भर खेती की जानकारी और प्रेरणा दी जा सके।
राजभवन में रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग नहीं किया जाता
राज्यपाल के सचिव मनोहर दुबे ने बताया कि राजभवन में खेती के लिए रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग नहीं किया जाता है। यहां उपलब्ध कचरे, गोबर, गो-मूत्र आदि से जैविक और प्राकृतिक तत्वों से खाद और कीटनाशकों का निर्माण किया जाता है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण कल्पना श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं। राज्यपाल ने कहा कि राजभवन भोपाल और पचमढ़ी में बागवानी का उत्कृष्ट स्वरूप विकसित करने के लिए विस्तृत प्लान बनाया जाए। प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए, जिसे देखकर रासायनिक कीटनाशकों, उर्वरकों के स्थान पर जैविक उत्पादों के उपयोग की जानकारी मिले।