Do you know why a photo of Sourav Ganguly reminded the father of the nation | सौरव गांगुली ने महात्मा गांधी को किया याद, शेयर की पुरानी तस्वीर

Do you know why a photo of Sourav Ganguly reminded the father of the nation | सौरव गांगुली ने महात्मा गांधी को किया याद, शेयर की पुरानी तस्वीर


नई दिल्ली: पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) सोशल मीडिया पर बहुत कम दिखाई देते हैं. लेकिन जब भी वो दिखाई देते हैं तो उनके पोस्ट की कोई न कोई खास अहमियत जरूर होती है. फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे सौरव ने अब एक ऐसा फोटो शेयर किया है, जिसे देखकर और कैप्शन पढ़कर आपको साबरमती के संत यानी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatama Gandhi) की याद आ जाएगी. 

दक्षिण अफ्रीका में एक कार्यक्रम का है फोटो
दरअसल सौरव गांगुली ने #WorldEnvironmentDay के मौके पर एक #Throwback फोटो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. यह फोटो उनके टीम इंडिया की कप्तानी करने के दौरान दक्षिण अफ्रीका में लिया गया था. इस फोटो में सौरव एक कार्यक्रम में वृक्षारोपण करने के बाद उसमें पानी दे रहे हैं. इसी फोटो के कैप्शन में सौरव ने अपने फैंस से एक सवाल किया है. सौरव ने लिखा है, ‘#WorldEnvironmentDay की बधाई. इस पिक्चर में दिखाया गया स्थान ऐतिहासिक है. एक महान भारतीय ने इसे चर्चित बनाया था.’ एक तरीके से सौरव ने अपने फैंस को इस फोटो में दिखाए गए स्थान और उस महान भारतीय का नाम तलाशने की चुनौती दी थी, जिस पर उनके फैंस ने जमकर रिएक्शन दिया  है.

 

सौरव के फोटो पर करीब 82 हजार लोगों ने लाइक करते हुए प्रतिक्रिया दी है. फैंस ने बताया है कि ये फोटो दक्षिण अफ्रीका के सेंट पीटरमेरित्जबर्ग शहर का है, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अश्वेत होने के कारण ट्रेन के फर्स्ट क्लास के डिब्बे से जबरन नीचे उतार दिया गया था. दरअसल बापू के नाम से चर्चित रहे गांधी भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में उतरने से पहले लंदन से बैरिस्टर की डिग्री लेकर वकालत करने दक्षिण अफ्रीका चले गए थे. 

दक्षिण अफ्रीका भी उन दिनों भारत की तरह ही अंग्रेजों का उपनिवेश था, जहां अश्वेतों के साथ भेदभाव वाला व्यवहार किया जाता था. अश्वेतों को ट्रेन के फर्स्ट क्लास के डिब्बे में चलने की इजाजत नहीं थी. एक बार बापू इसी डिब्बे का टिकट लेकर कहीं जा रहे थे तो सेंट पीटरमेरित्जबर्ग शहर में उन्हें जबरन नीचे उतार दिया गया था. इसके बाद ही बापू ने दक्षिण अफ्रीका में आंदोलन चालू किया था, जिसने उन्हें दुनिया भर में चर्चित कर दिया था. वहां सफल होने के बाद ही बापू भारत लौटे थे और देश के स्वतंत्रता अभियान की कमान संभाली थी.

वर्ल्ड कप के दौरान लिया गया था सौरव का फोटो
एक फैन ने ये भी बताया है कि सौरव गांगुली ने जो फोटो अपलोड किया है, वो 2003 वर्ल्ड कप के दौरान नामीबिया के खिलाफ भारत के मैच से पहले लिया गया था. दरअसल उस मैच से पहले सेंट पीटरमेरित्जबर्ग में बापू की याद में वृक्षारोपण कार्यक्रम रखा गया था, जिसके लिए टीम इंडिया को भी बुलावा भेजा गया था. इस कार्यक्रम का आयोजन भारत-दक्षिण अफ्रीका की दोस्ती के नाम पर किया गया था. इसी कार्यक्रम के दौरान सौरव गांगुली ने ये पौधा लगाया था. इस वर्ल्ड कप में सौरव की कप्तानी में टीम इंडिया ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन फाइनल मैच में उन्हें ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था.





Source link