Rohit Sharma: Adam Gilchrist had tested Rohit Sharma’s leadership potential in 2009 said Pragyan Ojha | प्रज्ञान ओझा ने रोहित शर्मा की तारीफ की, एडम गिलक्रिस्ट को लेकर कही ये बात

Rohit Sharma: Adam Gilchrist had tested Rohit Sharma’s leadership potential in 2009 said Pragyan Ojha | प्रज्ञान ओझा ने रोहित शर्मा की तारीफ की, एडम गिलक्रिस्ट को लेकर कही ये बात


नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा (Pragyan Ojha) ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट (Adam Gilchrist) ने इंडियन प्रीमियर लीग की टीम डेक्कन चार्जर्स के कप्तान के तौर पर 2009 में ही रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की नेतृत्व क्षमता को पहचान लिया था. डेक्कन चार्जर्स की टीम आईपीएल के पहले संस्करण में आखिरी स्थान पर रहने के बाद 2009 में गिलक्रिस्ट के ने नेतृत्व में चैंपियन बनी थी.

यह भी पढ़ें- लार पर बैन को लेकर टीम इंडिया के इस पूर्व क्रिकेटर ने जताई चिंता, कही ये बात

ओझा ने इंस्टाग्राम चैट में आकाश वत्स से कहा, ‘गिलक्रिस्ट ने काफी पहले रोहित की नेतृत्व क्षमता को पहचान लिया था. जब वह 2009 में टीम के कप्तान बने तो उन्होंने रोहित को उपकप्तान बनाया और धीरे-धीरे उन्हें बढ़ाने लगे. रोहित में इस तरह से नेतृत्व का गुण विकसित होने लगा.’रोहित आईपीएल के सबसे कामयाब कप्तान हैं. वो डेक्कन चार्जर्स के बाद 2011 में मुंबई इंडियंस से जुड़े और 2013 में टीम के कप्तान बने. उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस टीम रिकार्ड 4 बार आईपीएल चैंपियन बनी.

ओझा ने सीमित ओवरों के भारतीय उपकप्तान की तारीफ करते हुए कहा, ‘मैं मानता हूं कि रोहित हमेशा से एक प्रभावशाली क्रिकेटर रहे हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत में कई अहम पारियां खेली थी जिसमें 2007 वर्ल्ड कप के अलावा ऑस्ट्रेलिया दौरा भी शामिल है.’

बाएं हाथ के इस पूर्व स्पिनर ने कहा, ‘रोहित उस वक्त (2009) ज्यादा अनुभवी नहीं थे लेकिन फिर भी वह जिस तरह के विचार रखते थे उससे गिलक्रिस्ट और टीम प्रबंधन काफी प्रभावित हुआ. गिलक्रिस्ट ने कहा था कि रोहित टीम के अगले कप्तान बन सकते हैं.’ ओझा खुद भी 3 बार आईपीएल चैंपियन टीम कर हिस्सा रहे हैं. उन्होंने 2009 में डेक्कन चार्जर्स के बाद 2 बार मुंबई इंडियंस को चैंपियन बनाने में भूमिका निभाई.

दोनों टीमों की तुलना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘ये कहना बहुत ही मुश्किल है कि मेरे लिए कौन सी टीम सबसे अधिक बेहतर है. मैं दोनों टीम के साथ खेला हूं और दोनों टीमें कमाल की है. ऐसे में किसी एक चुन पाना मुश्किल काम है.’

ओझा ने कहा, ‘साल 2009 में एडम गिलक्रिस्ट की कप्तानी में जिस तरह से टीम ने शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद वापसी की थी, वह शानदार था लेकिन मुंबई इंडियंस के साथ भी कई बेहतरीन खिलाड़ी थे और अभी भी हैं यही कारण है कि वह इस लीग में सबसे सफल टीमों में से एक है.’ ओझा ने भारत के लिए उन्होंने 24 टेस्ट में 113, 18 वनडे में 21 जबकि 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 10 विकेट लिए हैं.
(इनपुट-भाषा)





Source link