- गुजरगांव के 22 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव, दो के सैंपल रिजेक्ट
- काेरोना से 9 लोगों की मौत हुई, 83 लोग कोरोना को मात देकर अपने घर लौटे
दैनिक भास्कर
Jun 11, 2020, 05:49 PM IST
देवास. देवास जिले में गुरुवार को राहरभरी खबर आई। भोपाल से आई कोरोना रिपोर्ट में 80 टेस्ट सैंपल में सिर्फ एक मरीज संक्रमित मिला। वहीं, 75 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई। अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इसके अलावा दो सैंपल रिजेक्ट कर दिए गए। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 146 हो गई है। इस वायरस से 9 लोगों की जहां मौत हो चुकी है। वहीं, 83 लोग कोरोना को मात देकर अपने घर लौट चुके हैं। अभी भी 288 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है।
मिली जानकारी अनुसार जिस एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह, गुजरगांव का 22 वर्षीय युवक है। वहीं, जिन दो मरीजों की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है, उनमें कार्तिक नगर निवासी 25 वर्षीय महिला और मिर्जा बाखल निवासी 35 वर्षीय पुरुष शामिल है। सीएमएचओ डॉ. आरके सक्सेना के अनुसार जिले में अभी 54 एक्टिव केस हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
दिल्ली से आए श्रमिक काेराेना पाॅजिटिव
बुधवार को खातेगांव क्षेत्र के 8 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। ये सभी प्रवासी मजदूर या उनके परिवार के सदस्य हैं, जो कुछ दिन पहले ही दिल्ली से श्रमिक स्पेशल ट्रेन से लौटे हैं। जिसमें 1 कांकरिया, 2 बागदा और 5 गुजरगांव के मूल निवासी हैं। 8 में से 4 बच्चे हैं, जिनकी उम्र 8 से 13 साल के बीच है। इसके पहले 6 जून (शनिवार) को भी तहसील के 7 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उनमे बड़दा का 1, कांकरिया के 2, बागदा का 1, गुजरगांव के 3 लोग थे। ये भी दिल्ली से ही श्रमिक स्पेशल से आए थे।
कन्नौद की महिला पॉजिटिव, देवास रैफर
वार्ड क्रमांक 10 अयोध्या बस्ती की एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई, जिसे उपचार के लिए बुधवार को देवास रैफर किया गया। बीएमओ विवेक अहिरवार ने बताया कि वार्ड 10 के 23 लोग जिनमें यह महिला भी शामिल है ये सभी दिल्ली में काम करते थे तथा कुछ दिन पहले ही कन्नौद आए थे। जिनमें से 2 लोगों को खातेगांव रोड स्थित छात्रावास में तथा 21 लोगों को इसके पीछे के छात्रावास में क्वारैंटाइन किया गया था। इसमें से दो पुरुष तथा दो महिलाओं के सैंपल लिए गए थे। इनमें से तीन निगेटिव निकले तथा एक महिला की पॉजिटिव रिपोर्ट आने से उसे देवास भेजा गया। तीन निगेटिव निकले लोगों को घर भेज कर होम क्वारैंटाइन किया गया है। शेष 19 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।