Indore News In Hindi : Indore Nagar Nigam Demolish House Today In Sarafa Bazar | नगर निगम ने अति खतरनाक मकान के साथ ही हत्या के आरोपी की अवैध संपत्ति को किया जमींदोज

Indore News In Hindi : Indore Nagar Nigam Demolish House Today In Sarafa Bazar | नगर निगम ने अति खतरनाक मकान के साथ ही हत्या के आरोपी की अवैध संपत्ति को किया जमींदोज


  • नगर निगम की टीम द्वारा सराफा में स्थित अति खतरनाक भवन को तोड़ा गया
  • निगमकर्मी की हत्या कर फरार हुए गुंडे गोटू उर्फ प्रहलाद आदिवाल की संपत्ति को भी तोड़ा

दैनिक भास्कर

Jun 11, 2020, 01:15 PM IST

इंदौर. नगर निगम ने गुरुवार को दो बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पहली कार्रवाई सराफा बाजार में हुई जहां एक अति खतरनाक घोषित मकान को तोड़ा गया। वहीं दूसरी कार्रवाई निगमकर्मी की हत्या कर फरार हुए गुंडे की अवैध संपत्ति पर की गई। नगर निगम द्वारा 125 मकानों को खतरनाक व अति खतरनाक मकानों की सूची में शामिल कर उन्हें तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। 

जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम गुंडे गोटू उफ प्रहलाद आदिवाल ने निगमकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी द्वारा 15 दिन पहले भी क्षेत्र में गोली चलाई गई थी। बुधवार को वह साथियों के साथ गवाह के 15 साल के बच्चे को लेकर जा रहा था। विरोध करने पर उसने बच्चे पर गोलियां चलाई जो निगमकर्मी राहुल झांझोट को लगी जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के आद आरोपी मौके से फरार हो गया था। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने गुंडे गोटू की अवैध संपत्ति को ध्वस्त कर दिया।

125 खतरनाक मकान चिन्हित
निगम अधिकारियों के अनुसार जो 125 खतरनाक मकान चिन्हित किए गए हैं वह शहर के 8 जोनों में स्थित है जबकि शेष 11 जोनों में एक भी खतरनाक मकान नहीं है। सूची में शामिल 26 मकानों को अतिखतरनाक माना है। 20 जून के आसपास मानसून के इंदौर में आने की बात मौसम विभाग द्वारा कही गई है ऐसे में खतरनाक मकानों पर कार्रवाई के लिए निगम के पास बहुत कम समय बचा है। पिछली बार की सूची में 119 मकानों को खतरनाक माना गया था। सिटी प्लानर विष्णु खरे के अनुसार हर बार की तरह यह सूची भवन अधिकारी, भवन निरीक्षक और फील्ड सहायक द्वारा दी गई सूचना के आधार पर तैयार की गई है।

मंगलवार से प्रारंभ की थी कार्रवाई
नगर निगम द्वारा शहर में स्थित जर्जर व खतरनाक स्थिति में पहुंच चुके भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई मंगलवार 9 जून से प्रारंभ की गई थी। कार्रवाई के पहले दिन एमजी रोड, छावनी और हुकुमचंद काॅलोनी में स्थित तीन खतरनाक घोषित मकानों को गिराया गया था।

पिछले साल खतरनाक मकान तोड़ने के दौरान हुआ था बल्ला कांड
पिछले साल अर्थात जून 2019 में सबसे चर्चित बल्ला कांड निगम के जोन-3 के अंतर्गत अतिखतरनाक मकान तोड़ने के दौरान हुआ था। क्षेत्र 3 के विधायक और भाजपा महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश ने निगम के अधिकारी को बल्ला मारकर कार्रवाई का विरोध किया था।



Source link