- गौतमपुरा पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर की कार्रवाई, जब्त शराब की कीमत 86 हजार रुपए
- पुलिस ने 23 लाख की शराब पकड़ी थी, एसपी ने मुखबीर को 4 हजार रु. का नकद इनाम दिया
दैनिक भास्कर
Jun 12, 2020, 03:58 PM IST
इंदौर. शहर के अनलॉक होते ही शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गौतमपुरा पुलिस ने शुक्रवार को 86 हजार रुपए की अवैध शराब जब्त की। आरोपी कार में रखकर शराब ले जा रहा था। पीछा करने पर आरोपी फरार हो गया। वहीं, अवैध शराब की तस्करी करने वालों की सूचना देने पर एसपी ने मुखबीर और तत्काल कार्रवाई करने वाले जवान को पुरस्कृत किया है।
गौतमपुरा पुलिस काे सूचना मिली थी कि ग्राम फूलान से अरुण गूर्जर कार में अवैध शराब लेकर कहीं जा रहा है। इस पर एक टीम ने रेलवे क्राॅसिंग तक उसका पीछा किया ताे आरोपी कार छाेड़कर फरार हो गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 13 पेटी देशी मशाल शराब और 8 पेटी देशी दुबारा शराब मिली। पकड़ाई 21 पेटी शराब की कीमत साढ़े 86 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं, जब्त कार की कीमत 2 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है।
अवैध शराब की सूचना देने पर मुखबीर को मिला 4000 का इनाम
5 जून को मुखबीर ने जवान संजय चावडा को किशनगंज थाना क्षेत्र में ट्रक में अवैध शराब होने की सूचना दी थी। इस पर एसपी ने एक टीम बनाई थी। टीम ने एक होटल की पार्किंग से आयसर में रखी 470 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की थी। शराब की कीमत साढ़े 23 लाख रुपए आंकी गई थी। एसपी ने आरक्षक संजय को एक हजार रुपए और मुखबिर को चार हजार का नकद पुरस्कार दिया।