नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में आजकल महिला क्रिकेटरों के बीच जिस एक चीज की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है, वो पुरुषों की तर्ज पर महिलाओं के लिए भी इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल (IPL) के आयोजन की है. कई पुरुष क्रिकेटर भी महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए इसकी आवश्यकता जता चुके हैं. अब युवा भारतीय महिला क्रिकेटर जेमिमाह रोड्रिगेज (Jemimah Rodrigues)ने भी यह मुद्दा उठाया है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के एक लाइव सेशन में जैमी ने बताया है कि महिलाओं की आईपीएल आयोजित कराने से क्या लाभ हो सकता है.
जैमी का मानना है नए टैलेंट उभरकर आएंगे सामने
जैमी रोड्रिगेज ने कहा कि बीसीसीआई को महिला आईपीएल चालू करनी चाहिए. हमें महिलाओं की बिगबैश लीग, किया सुपर लीग को देखना चाहिए. इन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के लिए महिला क्रिकेटरों का खेल कितना निखारा है. न्यूजीलैंड भी अपनी महिला क्रिकेटरों के लिए लीग शुरू करने जा रहा है. इससे नए टेलेंट भी उभरकर सामने आएगा. यह निश्चित तौर पर बहुत अच्छा होगा. शेफाली वर्मा (Shafali Verma) जैसे टैलेंट मौजूद हैं. भीड़ के सामने खेलना, दिग्गज क्रिकेटरों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना आदि ऐसे अनुभव होंगे, जो युवा क्रिकेटरों के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में बहुत काम आएंगे. मुझे उम्मीद है कि बीसीसीआई जल्द ही हमें आईपीएल की सौगात देगा.
A Women’s IPL is not only going to develop the game, it’s going to get newer talents.
Jemimah Rodrigues spoke about how a full-fledged women’s IPL could help advance the game in India during the Innovation webinar. pic.twitter.com/xhYstRGBAo
— ICC (@ICC) June 13, 2020
स्मृति मंधाना और मिताली राज भी जता चुकी हैं जरूरत
पिछले दिनों वर्ल्ड महिला क्रिकेट की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय वनडे कप्तान मिताली राज (Mithali Raj) और महिला टीम इंडिया की रोहित शर्मा (Rohit Sharma) कहलाने वाली स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) भी महिलाओं के लिए आईपीएल के आयोजन की जरूरत बता चुकी हैं. मंधाना इंग्लैंड की किया सुपर लीग में भी खेली हैं और महिला टी-20 कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) ऑस्ट्रेलियाई बिग बैश लीग में खेली हैं. इन लीग में खेलने के बाद दोनों के खेल में पहले से ज्यादा निखार आया है.
बीसीसीआई करा चुका है आईपीएल में महिलाओं का प्रदर्शनी मैच
बीसीसीआई ने फिलहाल महिला आईपीएल के आयोजन का फैसला भले ही नहीं लिया हो, लेकिन 2 साल पहले बोर्ड इस दिशा में एक कदम उठा चुका है. आईपीएल-2018 में महिला क्रिकेटरों के प्रदर्शनी मैचों का आयोजन किया गया था, जिन्हें दर्शकों ने बेहद सराहा था. इसके बाद बीसीसीआई ने पिछले साल महिला टी-20 चैलेंज कप चालू किया था, जिससे शेफाली वर्मा सरीखा जोरदार टेलेंट सामने आया है. ऐसे में माना जा सकता है कि जल्द ही बीसीसीआई महिला क्रिकेटरों की आईपीएल की दिशा में भी कोई कदम उठा सकता है.