कांग्रेस ने लोकतंत्र बचाओ अभियान की शुरुआत इंदौर से की है.
उपचुनाव से पहले कांग्रेस ने ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ की शुरुआत की है जिसके तहत कमलनाथ सरकार (Kamalnath Government) गिराने वाले दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) समेत 22 पूर्व विधायकों को चूड़ियां भेजी गई हैं.
लोकतंत्र बचाओ अभियान का आगाज
कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव ने बताया कि कमलनाथ सरकार गिराने वाले 22 पूर्व विधायकों को सबक सिखाने के लिए लोकतंत्र बचाओ अभियान की शुरुआत इंदौर से की गई है, जिसमें कई गांधीवादी विचारक, 25 से 30 सामाजिक संस्थाएं और 40 से 50 खेल संगठन शामिल हैं. ये सभी लोग उपचुनाव वालीं विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे और लोगों को बताएंगे कि बीजेपी में शामिल इन 22 पूर्व विधायकों ने किस तरह लोकतंत्र के मंदिर को कलंकित करने का काम किया और जनता पर जबरन चुनाव थोप दिया. इन नेताओं को सबक सिखाने के लिए इन्हीं की विधानसभाओं में ये अभियान चलाया जाएगा.
विधानसभा क्षेत्रों में जाकर भेंट करेंगे चूड़ियां लोकतंत्र बचाओ अभियान के संयोजक और कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव के मुताबिक इन दलबदलू पूर्व विधायकों को उन्हीं के विधानसभा क्षेत्रों में जाकर चूड़ियां भेट की जाएंगी. इसके लिए सभी 22 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता चूड़ियां भेंट करेंगे. साथ ही सोशल मीडिया पर भी इनके खिलाफ अभियान छेड़ा जाएगा.अभी इंदौर से ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत सभी 22 पूर्व विधायकों को चूडियां कूरियर की गईं हैं. जनता से अपील की जा रही है कि 24 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में वे इन दलबदलुओं का सहयोग न करें, क्योंकि ये बिकाऊ उम्मीदवार हैं, ये भरोसे के लायक नहीं हैं और इनको हराकर लोकतंत्र को बचाने का काम करें.
पहले कांग्रेस अपने आपको तो बचा लें- तुलसी सिलावट
बीजेपी ने इस अभियान का करारा जबाव देने की तैयारी कर ली है. राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट का कहना है कि पहले कांग्रेस तो अपने आपको को बचा ले,फिर लोकतंत्र बचाने की बात करे. प्रदेश की सभी 24 सीटें बीजेपी जीतेगी. तुलसी सिलावट का कहना है कि कांग्रेस के घमंड और अहंकार के कारण उनकी सरकार गिरी है. ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जब वचनपत्र के वादे पूरे करने की बात कही, लेकिन कांग्रेस सरकार जनता से किए वादे पूरे नहीं कर पाई तब ऐसी सरकार को गिराकर लोकतंत्र की रक्षा तो सिंधिया ने की है.
ये भी पढ़ें
MP की 7 यूनिवर्सिटी की UG-पीजी फाइनल ईयर की परीक्षाएं स्थगित, ये है वजह
First published: June 15, 2020, 7:15 PM IST