मंत्रिमंडल विस्तार पर फंसा पेंच: नरोत्तम मिश्रा अचानक दिल्ली गए, सिंधिया से मिले CM शिवराज | bhopal – News in Hindi

मंत्रिमंडल विस्तार पर फंसा पेंच: नरोत्तम मिश्रा अचानक दिल्ली गए, सिंधिया से मिले CM शिवराज | bhopal – News in Hindi


शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार : एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा दिल्ली रवाना (फाइल फोटो)

जिस तरह से गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) अचानक दिल्ली (Delhi) पहुंचे हैं उससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि मंत्रिमंडल के नाम फाइनल करने में अभी भी कुछ अड़चन है. सभी नामों और विभाग पर शायद सहमति नहीं बन पा रही है.

भोपाल. मध्य प्रदेश (madhya pradesh) के बहुप्रतीक्षित शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार पर पेंच फंसता नजर आ रहा है. दिल्ली में सीएम शिवराज सिंह (cm shivraj) की मौजूदगी में मंत्रिमंडल विस्तार के मंथन के बीच अब प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam mishra) अचानक दिल्ली पहुंच गए हैं. मिश्रा ग्वालियर में थे और वहां से उन्हें भोपाल आना था. उनके भोपाल में कई कार्यक्रम तय थे लेकिन उन्हें अचानक दिल्ली से बुलावा आया. वह ग्वालियर से सीधे दिल्ली पहुंच गए.

यह माना जा रहा है कि संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में पेंच फंसने की वजह से ग्वालियर चंबल के सभी प्रमुख नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है. हालांकि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं. सूत्रों की मानें तो ग्वालियर चंबल में सबसे ज्यादा उपचुनाव की 16 सीट होने की वजह से मंत्रिमंडल विस्तार में वहां के गणित को साधने पर खासतौर से चर्चा की जा रही है. मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बीजेपी के अपने नेताओं की संभावित नाराजगी दूर करने पर भी मंथन हो रहा है.

दो दिन से जारी है मंथन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत 28 तारीख से दिल्ली में डेरा जमाए हैं. 28 तारीख को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा फिर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात हुई थी. उसके बाद देर रात गृह मंत्री अमित शाह से मिले थे. दोनों के बीच करीब 2 घंटे तक विचार हुआ. आज 29 जून को भी दिल्ली में बैठकों के दौर जारी हैं. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर रहे हैं.

Shivraj cabinet expansion: MP Home Minister Narottam Mishra leaves for Delhi

शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार : एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा दिल्ली रवाना

सिंधिया शिवराज मुलाकात
मंत्रिमंडल के नामों पर अंतिम मुहर लगने से पहले हो रहे मंथन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच भी मुलाकात हुई.दोनों नेताओं के बीच दिल्ली में 1 घंटे से भी ज्यादा तक मंथन हुआ. बताया जा रहा है कि इसमें सिंधिया खेमे से मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नामों और उनके विभागों को लेकर चर्चा की गयी.हालांकि जिस तरह से गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा अचानक दिल्ली पहुंचे हैं उससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि मंत्रिमंडल के नाम फाइनल करने में अभी भी कुछ अड़चन है. सभी नामों और विभाग पर शायद सहमति नहीं बन पा रही है. शिवराज से मुलाकात के दौरान सिंधिया ने मुख्यमंत्री सहायता कोष में कोविड की रोकथाम के लिए 30 लाख रुपए का चैक सौंपा.

प्रभारी राज्यपाल का आना रद्द
मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना के बीच उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि आनंदी बेन पटेल सोमवार 29 जून को भोपाल आकर अपना प्रभार संभाल सकती हैं. दोपहर बाद उनका भोपाल आने का कार्यक्रम था. लेकिन ऐन वक्त पर उनके इस कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया. राजभवन की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक प्रभारी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 29 जून को भोपाल नहीं आएंगी.

First published: June 29, 2020, 3:06 PM IST





Source link