- 19 जून को राज्यसभा चुनाव के दौरान ओमप्रकाश सकलेचा संक्रमित हो गए थे
- उनके कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद कई विधायकों का कोरोना टेस्ट हुआ था
दैनिक भास्कर
Jun 29, 2020, 03:05 PM IST
भोपाल/रीवा. रीवा जिले में भाजपा के सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएस पांडेय ने बताया कि रविवार को रात आई जांच रिपोर्ट में भाजपा विधायक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनका 27 जून को सैंपल लिया गया था। डॉ. पांडेय बताया कि विधायक को फिलहाल किसी प्रकार के लक्षण नहीं दिख रहे हैं, जिसके चलते उन्हें घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है। चिकित्सकों की टीम घर पर ही उनकी लगातार देखभाल कर रही है।
विधायक गत 19 जून को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करने भोपाल आए थे। जहां वह विधानसभा में मतदान के दौरान पूर्व से संक्रमित एक अन्य विधायक जावद के ओमप्रकाश सकलेचा के संपर्क में आ गए थे। इधर, सीएम शिवराज ने विधायक के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है।
सकलेचा के संक्रमित होने पर क्वारैंटाइन हुए थे दिव्यराज सिंह
सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह गत 19 जून को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करने भोपाल आए थे। जहां वह विधानसभा में मतदान के दौरान पूर्व से संक्रमित एक अन्य विधायक के संपर्क में आ गए थे। इस दौरान उनकी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपाध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, बीजे पांडा, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत कई विधायकों से मुलाकात हुई। शनिवार को जब सकलेचा के संक्रमित होने की खबर आई तो छह विधायक सुबह जेपी अस्पताल सैंपल देने पहुंच गए।
सिरमौर से विधायक साथी श्री दिव्यराज सिंह के अस्वस्थ होने का समाचार मिला है। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) June 29, 2020
ये होम क्वारैंटाइन हुए थे
ओमप्रकाश सकलेचा के पॉजिटिव आने के बाद मंदसौर जिले से विधायक और प्रोटेम स्पीकर जगदीश देवड़ा, विधायक राजेंद्र पांडे, दिव्यराज सिंह अपने घर में क्वारैंटाइन हो गए थे। अब इनमें से दिव्यराज सिंह पॉजिटिव पाए गए थे।
सावधानी हटी, दुर्घटना घटी : बिना मास्क लगाए ही भोजन कार्यक्रम में सबसे मिलते रहे
- 18 जून : विधायक पारस जैन के भोपाल निवास पर लंच में सकलेचा व 14 विधायक मौजूद थे। इसके बाद सकलेचा अन्य पार्टियों के नेताओं से भी मिले। रात में भाजपा दफ्तर में ही मॉकपोल हुआ, यहां सकलेचा जावरा विधायक राजेंद्र पांडे के पास ही बैठे थे।
- 19 जून : राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के दिन विधानसभा में मुख्यमंत्री कक्ष के बाहर शिवराज, वीडी, पांडा, जावड़ेकर के साथ सोफे पर बैठे थे। यहीं वे पांडा के साथ 20 मिनट तक अलग से बैठे रहे। प्रोटेम स्पीकर देवड़ा के साथ एक घंटे तक रहे।