- बैसली डैम से 1 लाख से ज्यादा लोगों को होती है पानी की सप्लाई
दैनिक भास्कर
Jun 29, 2020, 06:35 AM IST
भिंड. गोहद की जनता जो पानी पी रही है वह उसके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। वजह यह है कि मध्यप्रदेश पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की रिपोर्ट में गोहद के बैसली डैम का पानी पीने योग्य नहीं बताया गया है। जबकि गोहद नगरपालिका सीएमओ सैय्यद रेहान अली जैदी का कहना है कि वे डैम के पानी का ट्रीटमेंट करने के बाद सप्लाई करते हैं। इसलिए पानी पीने के लिए पूर्ण रूप से सुरक्षित है।
यहां बता दें कि गोहद नगर की आबादी एक लाख के करीब है। वहीं गोहद नगरपालिका बैसली डेम के पानी से क्षेत्र की जनता की प्यास बुझाती है। हालांकि इसके लिए नगरपालिका ने एक ट्रीटमेंट प्लांट भी बना रखा है। जहां पानी को फिल्टर करने के बाद सप्लाई किया जाता है। लेकिन मध्यप्रदेश पॉल्यूशन बोर्ड की मई महीने की प्रदेश जलाशयों के पानी को लेकर जो रिपोर्ट आई है उसमें गोहद के बैसली डैम के पानी को पीने योग्य नहीं बताया गया है। हालांकि इससे पहले अप्रैल महीने की रिपोर्ट ऐसा नहीं था।