उपचुनाव से पहले भंवर सिंह शेखावत ने कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ खोला मोर्चा.
MP Assembly Bypolls से ठीक पहले कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) द्वारा राजेश अग्रवाल को BJP में शामिल कराने पर पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत (BS Shekhawat) ने दिखाए बागी तेवर.
विजयवर्गीय पर लगाया आरोप
भंवर सिंह शेखावत खुलेआम बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय पर आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें हराने के लिए ही राजेश अग्रवाल को बदनावर से खड़ा किया गया था. विजयवर्गीय ने इसमें आर्थिक मदद भी की थी. उनका आरोप है कि विजयवर्गीय ने कहा था कि शेखावत को हराओ और अब उसे फिर पार्टी में शामिल करा दिया है. शेखावत ने यह भी कहा कि बदनावर जाकर कैलाश विजयवर्गीय कह रहे हैं कि राजेश अग्रवाल को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया जाएगा. जिन लोगों ने पार्टी से बगावत करके चुनाव लड़ा और पार्टी को हराया है, उन्हीं को विजयवर्गीय बढ़ावा दे रहे हैं. इसका परिणाम पार्टी को भुगतना पड़ेगा.
शेखावत की नाराजगी इतने पर ही नहीं थमी है. इंदौर की पांच नंबर विधानसभा सीट से दो बार और बदनावर से दो बार विधायक रहे चुके भंवर सिंह शेखावत का कहना है कि मालवा-निमाड़ की पांच सीटों का प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय को पार्टी ने नहीं बनाया है, वो अपने आप प्रभारी बन गए हैं. शेखावत का कहना है कि विजयवर्गीय इन सीटों पर ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) के कैंडीडेट्स को हराकर एमपीसीए चुनाव का बदला लेना चाह रहे हैं. शेखावत ने कहा कि संगठन को मैंने बता दिया है कि कैलाश विजयवर्गीय पार्टी को एक बड़े नुकसान की ओर ले जा रहे हैंबीजेपी में कांग्रेस मुखर, शेखावत को दिया ऑफर
ऐन उपचुनाव से पहले बीजेपी में अंदरूनी कलह के हालात बनते देख कांग्रेस पार्टी मुखर हो गई है. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला का कहना है कि पूरे प्रदेश में बीजेपी नेताओं के बीच का अंतर्कलह सामने आ रहा है. बदनावर हो या हाटपिपल्या सभी जगह पुराने लोग नाराज हैं, क्योंकि पार्टी में सिंधिया के लोगों को ज्यादा तवज्जो दी जा रही है. इसका परिणाम आने वाले उपचुनाव में दिखाई देगा. इस बीच बताया गया है कि भंवर सिंह शेखावत कांग्रेस पार्टी के एक पूर्व मंत्री के संपर्क में हैं. उन्हें कांग्रेस की ओर से टिकट भी ऑफर किया गया है.
कैलाश-शेखावत में मनमुटाव नहीं – बीजेपी
बीजेपी ने भी मौके की नजाकत को देखते हुए तैयारी शुरू कर दी है. पार्टी के वरिष्ठ नेता कृष्ण मुरारी मोघे लगातार शेखावत से संपर्क साधे हुए हैं. उन्होंने दावा किया है कि शेखावत की नाराजगी दूर कर ली जाएगी. पार्टी के अन्य नेता भी कलह से इनकार कर रहे हैं. बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा का कहना है कि बीजेपी में जिस कार्यकर्ता के जिम्मे जो कार्य है, वो उस कार्य को कर रहा है. संगठन ने कैलाश विजयवर्गीय को उपचुनाव में 5 सीटों की जिम्मेदारी दी है. वहीं भंवर सिंह शेखावत की कोई नाराजगी नहीं है. पार्टी ने एक रणनीति के तहत राजेश अग्रवाल को बीजेपी में शामिल किया है, जिसके अपेक्षित परिणाम होंगे.
First published: June 29, 2020, 3:39 PM IST