दैनिक भास्कर
Jul 06, 2020, 08:15 AM IST
विदिशा. दूसरी ओर पाराशरी पुल चौड़ीकरण का कार्य नपा पर निर्भर है यदि निर्माण में बाधक बनी जलावर्धन योजना की पाइप लाइन शिफ्ट कराएगी तो कार्य होगा। सेतु निगम पुल के एक ओर का चौड़ीकरण कार्य होने के बाद आगे का कार्य बंद करेगा। एक ओर का कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद पुराने पुल के तल का समतलीकरण करने के बाद कार्य बंद करने की तैयारी है जबकि निर्माण पुराने पुल को दोनों ओर 5- 5 फीट चौड़ीकरण का स्वीकृत है। सेतु निगम निर्माण कार्य में आ रहे अवरोधों के कारण मजबूर होकर यह निर्णय लेना पड़ रहा है।
यह है मामला
दूसरी ओर पुल को चौड़ा करने के लिए नपा जलावर्धन योजना की पाइप लाइन बाधक है। इसके शिफ्ट करने के बाद ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो पाएगा। शिफ्टिंग कार्य के लिए नपा राशि मांग रही है। उस पर बजट नहीं है। इधर सेतु निगम के ठेके में यह कार्य शामिल नहीं है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस कार्य के लिए स्वीकृति मिलना मुश्किल है। इससे आगे का कार्य स्थगित किया जाएगा।
यह हैं पुल के मौजूदा हालात
नगर के लिए स्वीकृत विकास कार्यों की लगातार ऐसी ही हालत हो रही है। प्रथम चरण के लिए 25 करोड़ की लागत से स्वीकृत स्मार्ट सिटी योजना के कार्य बंद पड़े हैं। कदम कदम पर आने वाली समस्याओं और असहयोग के चलते। ठेकेदार काम बंद करने के बाद गायब है। नगर पालिका के पास निर्माण के लिए फंड नहीं है। करीब 40 करोड़ खर्च करने के बाद कृषि मंडी नए प्रांगण में शिफ्ट करने के लिए अनावश्यक व्यवधान आ रहे हैं। जनप्रतिनिधि रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
कार्य किया जाएगा बंद
पाराशरी पुल के एक हिस्से का चौड़ीकरण करने के बाद आगे का कार्य बंद किया जाएगा। आगे कार्य करने साइड नहीं है। निगम के प्रस्ताव में जलावर्धन योजना की पाइप लाइन स्थानांतरित करने राशि शामिल नहीं है। इसे नपा को उपलब्ध कराया जा सके।
अब्दुल राजे खान, उपयंत्री मध्य प्रदेश सेतु निगम भोपाल