Indore News In Hindi : Sawan Somvar 2020/Ujjain News Updates; BJP leader Uma Bharti perform puja at mahakaleshwar Mandir | उमा भारती बोलीं- मैं दुर्गा की बेटी, शेर की सवारी करती हूं; 2003 में राघोगढ़ के शेर को ट्रेंकुलाइजर गन से बेसुध कर दिया था

Indore News In Hindi : Sawan Somvar 2020/Ujjain News Updates; BJP leader Uma Bharti perform puja at mahakaleshwar Mandir | उमा भारती बोलीं- मैं दुर्गा की बेटी, शेर की सवारी करती हूं; 2003 में राघोगढ़ के शेर को ट्रेंकुलाइजर गन से बेसुध कर दिया था


  • उमा ने कहा- मैं मोगली की तरह, जो काम पार्टी देगी- करूंगी, क्योंकि मोगली जंगल में शेर के बीच रहा है, किसी से डरेगा तो नहीं
  • शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री और उमरिया से विधायक मीना सिंह भी बाबा महाकाल के दर्शन को पहुंचीं

दैनिक भास्कर

Jul 06, 2020, 07:11 PM IST

उज्जैन. सावन महीने के शुरू होते ही बाबा महाकाल के दर्शन के लिए भक्तों का मंदिर में तांता लगना शुरू हो गया है। सावन के पहले सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती बाबा के दर्शन के लिए महाकाल मंदिर पहुंची। उन्होंने दर्शन, पूजन और अभिषेक किया। उमा ने मीडिया से बातचीत में दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। कहा- मैंने 2003 ट्रेंकुलाइजर गन से राघोगढ़ के शेर को बेसुध कर दिया था। मैं दुर्गा की बेटी हूं, शेर की सवारी करती हूं। इसके साथ ही उन्होंने कैलाश विजयवर्गीय को बंगाल टाइगर कहा। 

उमा ने कहा कि लंबे समय बाद यह हुआ है कि सावन महीने में पांच सोमवार आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब वे महाकाल मंदिर आती हैं तो सब-कुछ भूल जाती हूं। बाबा को सब पता है उनसे क्या कहना। बस मैं बाबा से यही कहती हूं कि मेरे जीवन का एक भी पल बेकार नहीं जाना चाहिए। मैंने बाबा से प्रार्थना है कि काेरोना देश ही नहीं, दुनिया से दूर हो जाए। इसने लोगों की प्रसन्नता छीन ली है। 

सिंधिया ने राजमाता की इच्छा पूरी की

उमा ने कहा कि मप्र में कांग्रेस की सरकार थी ही नहीं, वह अस्तित्व खो चुकी थी। कमलनाथ अपने विधायकों और नेताओं के कारण असहाय हो गए थे। अभी प्रदेश में ऐसा नेता है जो पूरा राज्य की रग-रग को समझता है। वो हर घर में एक सदस्य की रहर स्थापित हो चुके हैं। सिंधिया को लेकर कहा कि उन्हें बहुत पहले आ जाना चाहिए था। उन्हें कांग्रेस में होना ही नहीं चाहिए था। यह राजमाता की भी इच्छा थी। वे तो चाहती थीं कि माधवराव ही जनसंघ में आ जाएं। उन्होंने अपनी दादी की इच्छा पूरी की है।

किसी भी पद को मलाईदार ना समझें

उमा ने मलाईदार विभाग को लेकर कहा कि आप किसी भी विभाग को मलाईदार क्यों कह रहे हैं। जो पार्टी में आ गए हैं, उन्हें भी यही कहूंगी कि खबरदार यदि किसी विभाग को मलाईदार समझा। हमें प्रधानमंत्री ने बताया है कि हम चौकीदार हैं। ज्योतिरादित्य के कारण आपकी नैया पार लग गई। हमारे यहां सब सेवक होते हैं, यहां मलाई नहीं होती, पसीना होता है। हमारे पास जो जिम्मेदारी है वह सेवा करने के लिए है। करीब साढ़े छह साल हो गए मोदी जी की सरकार को आज तक एक भी भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे। सिंधिया का जीवन निशकलंक रहा है। 

शिवराज तक बात पहुंचाने के लिए मीडिया की जरूरत नहीं

टाइगर वाली राजनीति पर कहा कि मैंने तो राघोगढ़ के शेर को ट्रेंकुलाइजर गन 2003 में ऐसी गोली चलाई कि वे बेसुध ही रह गए। मैं तो दुर्गा की बेटी हूं, वे तो शेर की सवारी करती हैं। कैलाशजी को लेकर कहा कि वे स्वयं कैलाश हैं, उनकी भव्यता और गरिमा कभी किसी चीज से कम नहीं होती। मध्य प्रदेश के मंत्रिमंडल को लेकर कहा कि शुरुआत में शिवराज और मुझमें थोड़ा संकोच का माहौल था, लेकिन अब हम सगे भाई-बहन की तरह हैं। बीडी शर्मा तो मेरे बहुत करीबी हैं। शिवराज और शर्मा से मैं सीधे बात करती हूं। मीडिया के जरिए उन्हें थोड़े ना कोई संदेश दूंगी। 

मैं तो मोगली की तरह, जो पार्टी काम देगी- करूंगी

खुद के रोल को लेकर उमा ने कहा कि पार्टी जो कहेगी, वही करूंगी। अभी मेरे पास गंगा का काम है- वह कर रही हूं। मैं जंगल से जैसे माेगली को पकड़कर लाए थे, ना वैसे ही हूं। मोगली को जो काम दोगे- वो करेगा, क्योंकि वह जंगल में शेर के बीच रहा है, किसी से डरेगा तो नहीं। शिप्रा नदी को लेकर कहा कि ये जहां से निकली हैं, उसे यहां तक लाया जाए। मैंने एक प्रोजेक्ट भी बनाया था। शिवराज से इस बारे में बात हुई थी। हम शिप्रा को उज्जैन तक लाएंगे, क्याेंकि शिव का एक जलधारा से संबंध है। बाबा को शिप्रा की धारा हम जल्द से जल्द लाने की कोशिश करेंगे। यदि कोई रास्ता नहीं निकला तो कारसेवा कर यहां तक लाएंगे। उपचुनाव को लेकर कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का वजूद खत्म हो गया है। हम सभी 24 सीट जीतने वाले हैं।

कैबिनेट मंत्री मीना सिंह ने भी बाबा के दर्शन किए
उमा भारती के अलावा शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री और उमरिया से विधायक मीना सिंह भी बाबा महाकाल के दर्शन को पहुंचीं। सिंह ने नंदी हॉल से ही बाबा का पूजन अभिषेक किया। उन्होंने महाकाल से प्रदेश में खुशहाली की कामना की।



Source link