- वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए होगा रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना का लोकार्पण
- गुढ़ रीवा में स्थापित वृहद सौर ऊर्जा संयंत्र परियोजना 1590 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित है
दैनिक भास्कर
Jul 09, 2020, 08:13 PM IST
भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के रीवा में स्थित एशिया की सबसे बड़ी सौर परियोजना रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना को शुक्रवार को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए इस परियोजना को लोकार्पित करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में मध्यप्रदेश की राज्यपाल आंनदी बेन पटेल लखनऊ से और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल से शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ऊर्जा, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा आरके सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने 22 दिसम्बर 2017 को इस परियोजना का शिलान्यास किया था। परियोजना को लगभग ढाई साल के रिकार्ड समय में पूरा किया गया। परियोजना से सस्ती बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे बड़ी राशि की बचत हो रही है। इस परियोजना को विश्व बैंक का ऋण राज्य शासन की गारंटी के बिना क्लीन टेक्नालॉजी फंड के तहत सस्ती दरों पर दिया गया है।
प्रति यूनिट बिजली 2.97 रुपए
यह परियोजना इस मायने में भी महत्वपूर्ण है क्योकि इसमें प्रति यूनिट की क्रय दर 2 रूपये 97 पैसे है, जो अब तक की न्यूनतम दर है। सौर परियोजना को पर्यावरण की दृष्टि से देखे तो रीवा सौर परियोजना से प्रतिवर्ष 15.7 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड के उर्त्सजन को रोका जा रहा है जो 2 करोड़ 60 लाख पेड़ों को लगाने के बराबर है।
24% बिजली दिल्ली मेट्रो के लिए दी जाएगी
गुढ़ रीवा में स्थापित वृहद सौर ऊर्जा संयंत्र परियोजना 1590 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित है। यह दुनिया के सबसे बड़े सिंगल साइड सौर सयंत्रों में से एक है। इस सौर ऊर्जा प्लांट में कुल तीन इकाईयां है। प्रत्येक इकाई में 250 मेगा वाट विद्युत का उत्पादन हो रहा है। परियोजना से उत्पादित विद्युत का 76 प्रतिशत अंश प्रदेश की पावर मैनेजमेंट कंपनी और 24% दिल्ली मेट्रो को प्रदान किया जा रहा है।