भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने कहा है कि राजधानी भोपाल में टोटल लॉक डाउन की बातें महज अफवाह हैं.
कलेक्टर अविनाश लवानिया ने कहा-दुकानों में लोग नियम और सोशल डिस्टेंसिंग (social distance) का पालन नहीं कर रहे हैं. ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है. नियमों का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना (fine) लगाया जा रहा है.
मध्य प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव केस लगातार बढ़ रहे हैं. कोरोना मरीजों का आंकड़ा 19 हज़ार के पार पहुंच गया है.इनमें एक्टिव केस 5 हज़ार के पार पहुंच गए हैं. राजधानी भोपाल में लगातार कोरोना के बढ़ते मामलों पर भोपाल के कलेक्टर ने टोटल लॉकडाउन की बातों से इनकार किया है. भोपाल में टोटल लॉकडाउन करने की फिलहाल कोई तैयारी नहीं है. रविवार के दिन ही सिर्फ एक दिन का टोटल लॉकडाउन रहेगा.
टोटल लॉकडाउन की बातें महज अफवाह
भोपाल के कलेक्टर अविनाश लवानिया ने कहा है कि राजधानी भोपाल में टोटल लॉकडाउन की बातें महज अफवाह हैं. भोपाल में फिलहाल टोटल लॉकडाउन की कोई प्लानिंग नहीं है. हालांकि जिस-जिस क्षेत्र में कोरोना मरीज बढ़ेंगे, उन क्षेत्रों में सख्ती की जाएगी. कोरोना के हालातों पर प्रशासन की लगातार नज़र है. फिलहाल यही तैयारी है कि जिस क्षेत्र में कोरोना के मामले बढ़ेंगे वहीं सख्ती की जाएगी. इब्राहिमगंज में कोरोना के केस बढ़ने पर पूरे क्षेत्र को बंद कर दिया गया है.रविवार को जारी रहेगा एक दिन का लॉकडाउन
भोपाल में एक दिन का टोटल लॉकडाउन पहले की तरह ही जारी रहेगा. रविवार के दिन आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शहर में टोटल लॉकडाउन रहेगा. बाजार बंद रहेंगे. लोगों के घरों से बाहर निकलने पर पाबंदी रहेगी. एक दिन के लॉकडाउन के बाद सिर्फ उसी क्षेत्र में हफ्ते या 10 दिन की सख्ती की जाएगी जहां पर कोरोना के केस बढ़ रहे हैं. भोपाल में टोटल लॉकडाउन की खबरें पूरी तरह से निराधार हैं.
क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक फिलहाल नहीं
कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि भोपाल में फिलहाल कोरोना के हालात ऐसे नहीं बिगड़े हैं कि टोटल लॉकडाउन लगाया जाए इसलिए क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक नहीं बुलायी जा रही है. अगर लॉकडाउन लगाने पर विचार किया गया तभी क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक बुलायी जाएगी. उन्होंने कहा दफ्तर और दुकानों में गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है. दुकानों में लोग नियम और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं. ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है. नियमों का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है.