West Indies Captain Jason Holder moves up to second spot in ICC rankings after Southampton Test | वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर की लंबी छलांग, ICC टेस्ट रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंचे

West Indies Captain Jason Holder moves up to second spot in ICC rankings after Southampton Test | वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर की लंबी छलांग, ICC टेस्ट रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंचे


दुबई: जेसन होल्डर (Jason Holder) साउथैम्पटन में इंग्लैंड के खिलाफ जीत के दौरान अपनी टीम की अगुआई करते हुए शानदार प्रदर्शन की बदौलत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में करियर के बेस्ट यानि दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं और साथ ही उन्होंने पिछले 20 सालों में वेस्टइंडीज के किसी गेंदबाज द्वारा बेस्ट रेटिंग अंक भी हासिल किए.

पहली पारी में 42 रन पर 6 विकेट सहित मैच में 7 विकेट चटकाने वाले होल्डर ने करियर के बेस्ट 862 रेटिंग अंक हासिल किए हैं जो अगस्त 2000 में कर्टनी वाल्श के 866 अंक के बाद किसी वेस्टइंडीज के गेंदबाज के सर्वाधिक रेटिंग अंक हैं. कोरोना वायरस महामारी की वजह से मार्च से मैदान पर नहीं उतरने वाले भारतीय क्रिकेटरों ने बल्लेबाजों और गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप 10 में अपनी जगह बरकरार रखी है.

 

 

कप्तान विराट कोहली बल्लेबाजों की रैंकिंग में स्टीव स्मिथ के बाद दूसरे स्थान पर बरकरार हैं जबकि चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे क्रमश: 7वें और 9वें स्थान पर हैं. जसप्रीत बुमराह 7वें स्थान के साथ गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप 10 इकलौते भारतीय हैं. होल्डर पहले टेस्ट के बाद बल्लेबाजों की रैंकिंग में 35वें स्थान पर कायम हैं और ऑलराउंडरों की लिस्ट में करियर के सर्वश्रेष्ठ 485 अंक के साथ टॉप पर हैं.

दूसरे नंबर पर काबिज इंग्लैंड के बेन स्टोक्स ने भी करियर के बेस्ट 431 रेटिंग अंक हासिल किए हैं. जो रूट की गैरमौजूदगी में इंग्लैंड की अगुआई करने वाले स्टोक्स रोज बाउल में 43 और 46 रन की पारियों के बाद बल्लेबाजी रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 9वें स्थान की बराबरी की जो उन्होंने पिछले साल नवंबर में हासिल किया था.

मैच में 6 विकेट की बदौलत स्टोक्स गेंदबाजी सूची में 3 स्थान के फायदे से 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं. बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज रोरी बर्न्स 30 और 42 रन की पारियों के बाद पहली बार टॉप 30 में जगह बनाने में कामयाब रहे जबकि मैच में 86 रन बनाने वाले जैक क्रॉउले टॉप 100 में शामिल हो गए.

मैच में 9 विकेट चटकाकर ‘मैन ऑफ द मैच’ बने शेनन गैब्रियल एक स्थान के फायदे से 18वें स्थान पर पहुंचे. उन्हें 46 अंक का फायदा हुआ जिससे वह रविंद्र जडेजा (722) से 4 अंक आगे निकल गए.दूसरी पारी में 95 बनाकर वेस्टइंडीज की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले जर्मेन ब्लैकवुड 14 स्थान के फायदे से 58वें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि शेन डाउरिच करियर के सर्वश्रेष्ठ 37वें स्थान पर है. डाउरिच ने 61 और 20 रन की पारियां खेली.
(इनपुट-भाषा)





Source link