इंदौर9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
निगम उपायुक्त महेंद्र सिंह चौहान खुद शोरूम में पहुंचे और कार्रवाई के साथ समझाइश भी दी।
- लसूड़िया क्षेत्र स्थित कार शोरूम में निगम की टीम ने निरीक्षण किया, पहले ग्राहक बन पहुंचा कर्मचारी वीडियो बनाकर अधिकारियों को भेजा
- शहर में बढ़ रहे मरीजों को लेकर पुलिस, प्रशासन के साथ ही निगम टीम सड़क से लेकर बड़े-बड़े शोरूम तक में पहुंचकर जांच कर रही है
इंदौर नगर निगम कोविड – 19 के नियमों का सख्ती से पालन करवाने के लिए सड़क पर उतर चुकी है। शनिवार को निगम की टीम लसूड़िया क्षेत्र स्थित कार शोरूम का निरक्षण करने पहुंची। यहां पर कोविड -19 से संबंधित नियमों को लेकर जांच पड़ताल की। कानून का उल्लंघन करने पर स्पाट फाइन भी किया। शहर में बढ़ रहे मरीजों को लेकर पुलिस, प्रशासन के साथ ही निगम टीम सड़क से लेकर बड़े-बड़े शोरूम तक में पहुंचकर जांच कर रही है। निगम उपायुक्त महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि निगम की टीम छोटे व्यापारी, ठेलेवाले, सड़क पर बेवजह घूमने वालों पर तो कानून का उल्लंघन करने पर कार्रवाई कर ही रही है। हम अब बड़े शोरूम में भी पहुंचे रहे हैं, जहां लाखों का कारोबार होता है। हम पहले अपने कर्मचारी को ग्राहक बनाकर शोरूम में भेजते हैं। यहां पर वे यह देखते हैं कि नियमों का पालन हो रहा है या नहीं। इसका पूरा वीडियो वो बना लेते हैं, इसके बाद हमें जानकारी देते हैं। इसके बाद हम वीडियो के आधार पर चालानी कार्रवाई करते हैं।
उन्होंने बताया कि हम मुख्यत: दो चीजें देखते हैं, पहला मेन गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग हो रही है या नहीं, दूसरा सैनिटाइजर है या नहीं। भीतर जाने पर यह देखते हैं कि मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग है या नहीं। पहले मास्क नहीं लगाने पर मैनेजर या संस्थान के मालिक को फाइन भरना होता था। अब हम जो कानून तोड़ रहा है उसी पर सीधे फाइन कर रहे हैं। 200 रुपए 500 रुपए फाइन फिक्स है। हमने अब तक कई शोरूम में स्पाट फाइन किया है।
निगम ने 30 से ज्यादा के बनाए चालान
लग्जरी कारों के शोरूम में गेट पर सैनिटाइजर तो मिल रहा है, लेकिन कर्मचारी मास्क नहीं लगा रहे हैं। निगम की रिमूवल टीम ने बड़ी कंपनियों के शोरूम और वर्कशॉप में स्टिंग ऑपरेशन किया। 30 से ज्यादा कर्मचारी और ग्राहकों के मास्क नहीं लगाने पर चालान बनाए गए। उपायुक्त महेंद्र सिंह चौहान ने बताया देवास नाका स्थित लक्जरी कारों के शोरूम में नियमों का पालन नहीं करने की शिकायत मिली थी। रिमूवल टीम के कर्मचारियों को ग्राहक बनाकर रेंज रोवर, ऑडी, मर्सीडीज, बीएमडब्ल्यू, महिंद्रा सहित बड़ी कंपनियों के शोरूम में भेजा गया। महिंद्रा कंपनी के डीलर भगवती पटवा ऑटोमोटिव में कर्मचारियों के अलावा ग्राहकों ने भी मास्क नहीं लगाए थे। चालान भरने के लिए कहा तो कर्मचारी विवाद करने लगे। यहां चार ग्राहकों के भी चालान बनाए गए। अन्य शोरूम में भी मास्क नहीं लगाने वाले कर्मचारियों के चालान बनाए गए।
0