दतिया26 मिनट पहले
सड़क पर पड़े पति को सहारा देकर उठाने की कोशिश करती पत्नी। वो बार-बार कह रही थी उठजा संगी उठजा।
- परिजन पहले इंदरगढ़ अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले गए, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
शराब के नशे में एक शख्स की देखते ही देखते मौत हो गई। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें सड़क पर पड़े पति को उठाने में मदद करते हुए पत्नी कह रही है- उठजा संगी उठजा…। लेकिन वो नहीं उठता। इसके बाद परिजन अस्पताल लेकर जाते हैं, जहां डॉक्टर मृत घोषित कर देते हैं।
यह है पूरा मामला
इंदरगढ़ के ग्राम पड़री में शुक्रवार सुबह 9 बजे गाली-गलौज की आवाज सुनाई दी। लोगों ने बाहर निकलकर देखा तो ट्रांसफार्मर के पास राणा जाटव और गांव के ही हरविंद जोगी की पत्नी को गाली देने को लेकर विवाद हो रहा था। हरविंद और उसके बेटे और पत्नी ने गांव के ही राणा जाटव को बुरी तरह पीटा। इसके बाद उसका बेटा धीरज हरविंद को पकड़कर दूर ले गया। चक्कर आने पर सीसी सड़क पर चंद सेकंड बैठे रहने के बाद हरविंद वहीं बेहोश हो गया।
पिटाई करने के बाद सड़क पर गिरकर बेहोश हुआ हरविंद जोगी की मौत हो गई।
परिजन उसे पहले इंदरगढ़ अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हरविंद झगड़े के वक्त शराब पीए था, ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। बेटे ने राणा जाटव, नीरज साहू, संतोष योगी और प्रवीण योगी पर हत्या करने का आरोप लगाया। जबकि गांव के लोगों द्वारा बनाए गए झगड़े के वीडियो में कहीं भी नीरज, संतोष और प्रवीण दिखाई नहीं दिए। पीएम करने वाले डॉ. डीएस पवार का कहना है कि अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।