Sunil Gavaskar is the only batsman to score a double century in all 4 innings of Tests

Sunil Gavaskar is the only batsman to score a double century in all 4 innings of Tests


नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) का नाम दुनिया के महान क्रिकेटर्स में लिया जाता है. गावस्कर ने बल्लेबाजी से संबंधित कई रिकॉर्ड (Records) स्थापित किए हैं. गावस्कर अपने दौर में 3 बार एक वर्ष में एक हजार रन, सबसे ज्यादा शतक (Century), सबसे ज्यादा रन (Run) और सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां एवं प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे.  इन सबके अलावा गावस्कर के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड भी दर्ज है जो आज तक बरकरार है.

सुनील गावस्कर टेस्ट की चारों पारियों में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं. हालांकि सर डॉन ब्रैडमैन (Don Bradman) ने टेस्ट क्रिकेट में 12 बार दोहरे शतक जड़े थे, मगर वो भी सुनील गावस्कर जैसा कमाल नहीं कर पाए थे. डॉन ब्रैडमैन ने अपने सभी 12 दोहरे शतक पहली तीन पारियों में लगाये लेकिन किसी भी टेस्ट मैच की चौथी पारी में उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 173 रनों का ही रहा.

सुनील गावस्कर द्वारा खेली गई लगभग हर पारी एक ऐतिहासिक पारी बन जाया करती थी. हां, गास्कर ने टेस्ट क्रिकेट में केवल 4 दोहरे शतक जड़े, लेकिन ये सभी दोहरे शतक उन्होंने टेस्ट क्रिकेट की अलग-अलग पारियों में लगाए थे. आपको बता दें कि सुनील गावस्कर ने अपना पहला दोहरा शतक अपनी डेब्यू टेस्ट सीरीज के दौरान साल 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में मैच की तीसरी पारी में बनाया था. जिसमें उन्होंने 220 रनों की शानदार पारी खेली थी. उसके बाद टीम इंडिया के इस सलामी बल्लेबाज ने साल 1978 में एक बार फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ ही मुंबई में मैच की पहली ही पारी में ये कारनामा कर दिखाया. उस पारी में गावस्कर ने 205 रन बनाये थे. 1978 में गावस्कर ने ये कमाल तीसरी बार इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में हुए मैच की चौथी पारी में कर दिखाया. उस पारी में गावस्कर ने 221 रनों की पारी खेली थी. सुनील गावस्कर ने अपना आखिरी दोहरा शतक साल 1985 में चेन्नई में हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच की दूसरी पारी में जड़ा था.

आपको बता दें कि सुनील गावस्कर के इस शानदार रिकॉर्ड के सबसे करीब श्रीलंका के कुमार संगकारा (Kumar Sangakkara) पहुंचे थे. संगकारा ने अपने करियर में 11 दोहरे शतक लगाए, जो सभी के सभी पहली तीन पारियों में लगाए गए थे. हालांकि संगकारा आस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2007 में होबार्ट में चौथी पारी में दोहरा शतक लगाने के बेहद नजदीक पहुंच गए थे. उस पारी में वो 192 रन पर खेल रहे थे कि तभी अंपायर ने उन्हें आउट करार देकर पवेलियन वापस भेज दिया था. जिसकी वजह से वो चौथी पारी में अपने दोहरे शतक से वंचित रह गए थे.

वहीं इन खिलाड़ियों के अलावा टेस्ट क्रिकेट की तीन पारियों में दोहरे शतक जड़ने वाले बाकी बल्लेबाजों में इंग्लैंड के एलिस्टेयर कुक (Alastair Cook), पाकिस्तान के यूनिस खान (Younis Khan), न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम (Brendon McCullum) और वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनिज (Gordon Greenidge) जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं.

 





Source link