- Hindi News
- National
- Jabalpur Mp Rakesh Singh Will Now Be Chief Whip Of Bharatiya Janata Party In Lok Sabha
जबलपुर6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह जबलपुर के चार बार से सांसद हैं। – फाइल फोटो
- राकेश सिंह 2018 में मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे, इसके बाद उन्होंने चीफ व्हीप का पद छोड़ दिया था
- वही पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवप्रताप शुक्ला को राज्यसभा में नारायण पंचारिया की जगह पार्टी का मुख्य सचेतक बनाया गया है
जबलपुर सांसद राकेश सिंह लोकसभा में अब भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक होंगे। राकेश सिंह लोकसभा में संजय जायसवाल की जगह लेंगे। संजय जायसवाल को पिछले दिनों बिहार भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राकेश सिंह पहले भी इस पद पर रह चुके हैं। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद राकेश सिंह ने यह पद छोड़ दिया था। उनके साथ ही वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवप्रताप शुक्ला को राज्यसभा में पार्टी का मुख्य सचेतक बनाया गया है, उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य शुक्ला को नारायण पंचारिया की जगह ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल में पंचारिया का कार्यकाल पूरा हो गया था।
2016 से 2018 तक रह चुके हैं मुख्य सचेतक
इसके पहले राकेश सिंह 2016 से 2018 तक लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक रह चुके हैं। इसके बाद जब उन्हें मध्य प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया था, जिस पर उन्होंने ये पद छोड़ दिया था।राकेश सिंह चार बार से जबलपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं।
राकेश सिंह का राजनीतिक कैरियर
राकेश सिंह मध्य प्रदेश में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। जबलपुर का जिला अध्यक्ष रहते हुए ‘गांव चलो घर चलो’ अभियान शुरू किया था, जिसे पार्टी के अंदर बहुत पसंद किया गया था। इस अभियान को भाजपा ने पूरे देश में चलाया था। उन्हें 2000 में जबलपुर जिला अध्यक्ष बनाया गया और चार साल बाद ही 2004 में जबलपुर से सांसद का टिकट दे दिया गया। इस चुनाव में उन्होंने शानदार जीत हासिल की।
0