इंदौर7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
इंदौर पुलिस द्वारा चिटफंड और एडवायजरी कंपनियों द्वारा निवेश के नाम पर की जाने वाली धोखाधड़ी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।-प्रतीकात्मक फोटो
- शेयर बाजार में निवेश कर तगड़ा मुनाफा कमाने का लालच देते थे आरोपी
- पुलिस ने लेपटॉप, कंप्यूटर, कॉलिंग सर्वर और अन्य सामान जब्त किया है
बगैर रजिस्ट्रेशन के चल रही एक एडवायजरी कंपनी के कार्यालय पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस द्वारा कंपनी के प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन कंपनी के डायरेक्टर और अन्य कर्मचारी फरार हो गए। लेपटॉप, कंप्यूटर, कॉलिंग सर्वर और अन्य सामान जब्त किया गया है।
इंदौर पुलिस द्वारा चिटफंड और एडवायजरी कंपनियों द्वारा निवेश के नाम पर की जाने वाली धोखाधड़ी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चोइथराम मंडी, केसरबाग ब्रिज स्थित मदनश्री टावर में स्थित एक एडवायजरी कंपनी के कार्यालय पर छापा मारा। कंपनी द्वारा लोगों से शेयर बाजार में निवेश करवाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान शिवधाम कॉलोनी लिंबोदी के रहने वाले अंकित तिवारी को गिरफ्तार किया गया है। कंपनी का डायरेक्टर मुकेश विश्वकर्मा है जो कि फरार है।
तिवारी ने पुलिस को बताया कि कंपनी शेयर बाजार में निवेश कर तगड़ा मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से निवेश करवाती है। कंपनी का ना तो सेबी में रजिस्ट्रेशन है और ना ही उसने गुमाश्ता का लाइसेंस ले रखा है। यहां कई युवक-युवतियों को कमीशन पर रखा जाता था जो लोगों को फोन कर निवेश के लिए तैयार करते थे। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
0