बैतूल18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- बैतूलबाजार पुलिस ने गोराखार सोसाइटी के पीछे से गेहूं से भरी दाे ट्रैक्टर-ट्राॅली पकड़ी थी
- कलेक्टर ने खाद्य आपूर्ति विभाग को दिए थे जांच के आदेश
बैतूलबाजार थाना क्षेत्र के गोराखार गांव में साेमवार रात काे सरकारी अनाज की कालाबाजारी करते दाे ट्रैक्टर-ट्राॅली अाैर अनाज पुलिस ने पकड़ा था। जांच के उपरांत मामले में बैतूल बाजार पुलिस ने उचित मूल्य राशन दुकान संचालक शैलेंद्र आर्य समेत व्यापारी प्रमोद साहू एवं मोहन साहू पर आवश्यक वस्तु अधिनियम (कालाबाजारी) के तहत केस दर्ज किया है। अाराेपी दुकान संचालक पूर्व विधायक का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
सोमवार रात गोराखार गांव की उचित मूल्य दुकान के 45 क्विंटल गेहूं से भरे 2 ट्रैक्टर-ट्राॅली काे पुलिस ने पकड़ा था। साथ ही उचित मूल्य दुकान पर छापा
मारा था। बैतूलबाजार टीआई आदित्य सेन ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत उचित मूल्य दुकान संचालक शैलेंद्र आर्य समेत व्यापारी प्रमोद साहू एवं मोहन साहू पर केस दर्ज किया है।
पीओएस मशीन पर भी उठ रहे हैं सवाल
पीओएस इलेक्ट्रानिक मशीन से होने वाले वितरण के बावजूद जांच में गोराखार उचित मूल्य दुकान में 11 क्विंटल गेहूं, 5 किलो तुअर दाल अतिरिक्त व 8.5 क्विंटल चावल कम पाया जाना यह साबित करता है कि इतने बड़े स्तर पर कालाबाजारी का गोरखधंधा संचालित किया जा रहा है। आश्चर्य यह भी है कि जब प्रतिमाह खाद्य इंस्पेक्टर दुकानों का निरीक्षण कर आवक- जावक का रिकॉर्ड सर्टिफाइड करते हैं ताे यह खाद्यान्न कैसे ब्लैक किया जा रहा था यह बड़ा सवाल है?
कालाबाजारियों काे मिला है राजनैतिक संरक्षण
सूत्रों की माने तो गोराखार में सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी करते पकड़ाए शैलेन्द्र आर्य पूर्व विधायक अलकेश आर्य के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जो कई सालों से शासकीय उचित मूल्य दुकान की जिम्मेदारी संभाले हुए हैं। इसके अतिरिक्त आरोपी के पास ग्राम जसौंदी में उचित मूल्य दुकान भी है।
मुखबिर की सूचना पर एसपी ने भेजी थी टीम
अनाज की कालाबाजारी की सूचना मुखबिर ने 20 जुलाई को देर रात एसपी को काल कर दी। एसपी ने बैतूलबाजार थाना से पुलिस दल गोराखार भेजा, जहां आधी रात में उचित मूल्य दुकान भवन से कालाबाजारी करते हुए रंगे हाथों आरोपियों काे पकड़ा था। मंगलवार को बैतूलबाजार थाना प्रभारी एवं खाद्य विभाग के कनिष्ठ खाद्य अधिकारी प्रवीण दुबे ने विवेचना की। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत केस दर्ज किया है।
प्लानिंग के साथ इस तरह किया जाता है गोरखधंधा
शासकीय नियमानुसार खाद्य विभाग तब तक उस खाद्यान्न को शासकीय नहीं मानता जब तक उस बारदाने पर सरकारी टैग यानी खरीदी केंद्र की पर्ची और सिलाई न दिख रही हो। इसी कमजोरी का फायदा उठाकर गोरखधंधे में लिप्त लोग पहले तो सिलाई के साथ सरकारी टैग दुकान में निकाल देते हैं और उसके बाद हाथ की सिलाई कर उसे प्राइवेट वाहन द्वारा आम नागरिकों की नजरों से बचाकर व्यापारियों तक पहुंचा देते हैं। भले ही वह बारदाने पर खरीदी केंद्र के छापे क्यों न दर्ज हो।
उचित मूल्य दुकान पर अनियमितता मिली है
गोराखार में उचित मूल्य दुकान के समीप दाे ट्रैक्टर-ट्राॅली पकड़े जाने के मामले में खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा था। इस रिपोर्ट में उचित मूल्य दुकान में अनाज स्टॉक रजिस्टर के अनुसार नहीं पाए जाने की जानकारी मिली है, कार्रवाई की जा रही है। -राकेश सिंह, कलेक्टर, बैतूल
11 क्विं. गेहूं अधिक, 8.5 क्विं. चावल कम मिला है
गोराखार उचित मूल्य दुकान के स्टाक की जांच की गई थी। गेहूं 11 क्विंटल अधिक व चावल 8.5 क्विंटल कम पाया गया है। स्टॉक में अनियमितता की रिपोर्ट कलेक्टर साहब को सौंप दी है। प्रवीण दुबे, कनिष्ठ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी
पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया है
मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत बैतूलबाजार पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए तीन लोगों पर केस दर्ज किया है। – आदित्य सेन, टीआई, बैतूलबाजार थाना
0