बैतूल25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बुधवार सुबह 4 बजे आई आंधी और बारिश से सैकड़ों किसानों की फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच चुकी है। जुवाड़ी, मेहकार, मयावानी, जांगड़ा, छुरी, सीताकामत सहित एक दर्जन गांव में आंधी, बारिश के चलते मक्का और गन्ने की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। जुवाड़ी क्षेत्र के किसान नरेंद्र मेहतो, विशाल मेहतो, राजेश मेहतो, सुनील यादव सहित अन्य किसानों ने बताया बुधवार सुबह 4 बजे के करीब आंधी के साथ तेज बारिश हुई। जिसकी वजह से मक्का की फसल खेतों में बिछ गई। फसल का तना तेज हवाओं और बारिश की मार को सह नहीं पाया। जड़ के ऊपर से तना टूट गया है। जिससे मक्का की फसल खेतों में गिरकर आड़ी हो गई है। उन्होंने बताया अब इन फसलों में ना तो भुट्टे लगेंगे और ना ही इन फसलों से किसान को किसी तरह का उत्पादन मिलेगा। महंगे दामों में खरीदे थे बीज : मेहकार के किसान अशोक पटेल, शिवदीन पटेल ने बताया खरीफ की मक्का की फसल किसानों ने 300 से 500 रु. किलो के भाव का बीज दुकानों से खरीदकर अपने खेतों में बोया था। जिसे आंधी ने बर्बाद कर दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम बिगड़े रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की चेतावनी से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें आ गई हैं। किसानों का कहना है कि जैसे-तैसे तो यह फसलें हुई थीं। बारिश फसल को बर्बाद कर रही है।
फसल खराब हाेने की सूचना मिली है
गेहूं और मक्का की फसल तेज हवा और बारिश से खराब होने की सूचना प्राप्त हुई है। हम फसल देखने जा रहे हैं। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
– एनएस सरयाम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, घोड़ाडोंगरी
0