नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर मार्नस लैबुशेन (Marnus Labuschagne) ने कम वक्त में काफी कामयाबी हासिल किए. वो कंगारू टीम में स्टीव स्मिथ के विकल्प के तौर पर आए थे, उसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. 2019 के कैलेंडर ईयर में वो टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (1104) बनाने वाले बल्लेबाज थे. लैबुशेन अपनी तकनीक के लिए जाने जाते हैं
लैबुशेन को साल 2019 के लिए आईसीसी मेंस इमर्जिंग प्लेयर का अवॉर्ड दिया गया था, इस वक्त वो आईसीसी की टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीसरे नंबर पर हैं. उनका भविष्य उज्ज्वल दिख रहा है, लेकिन आने वाले वक्त में चुनौतियां कम नहीं होंगी. उन्होंने WION चैनल से एक्सक्लूसिव बातचीत में अपनी कामयाबी, ऑस्ट्रेलियाई टीम का इंग्लैंड दौरा, आईपीएल को लेकर उनकी चाहत, भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज समेत कई मुद्दों पर खुलकर बात की.
इंग्लैंड टूर को लेकर लैबुशेन ने कहा है कि, ‘मैं देख रहा हूं कि ज्यादातर टीम फिट हो सकती हैं और आगे बढ़ने को तैयार है, जाहिर सी बात है कि अभी 5 महीने का एकांत हो गया है, इसलिए मुझे लगता है कि हर कोई फिट होगा, इसलिए मेरे लिए ये ध्यान रखूंगा कि मैं भी फिट और तैयार हो जाउं. हमलोग क्वींसलैंड में काफी ट्रेनिंग कर रहे हैं और हुनर पर काम कर रहे हैं.’
जब लैबुशेन से उनकी अब तक की कामयाबी के बारे में पूछा गया, तब उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए बेहतर बनना जरूरी है. हांलाकि पिछले समर सीजन में मेरा प्रदर्शन अच्छा था, लेकिन उससे बेहतर बनना मेरा काम है. यही मेरा लक्ष्य है. फिट और मजबूत बनना हमारे हुनर को बढ़ा देता है. सही फैसले लेना भी बेहद जरूरी है.’
भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज को लेकर लैबुशेन न कहा, ‘मुझसे इंतजार नहीं हो रहा, मैं इसको लेकर बेहद उत्साहित हूं, ये दोनों टीम टेस्ट में बेस्ट है, यही खेल हम देखना चाहते है, यही दुनिया देखना चाहती है. मैं ही नहीं, मेरी पूरी टीम भी इस चुनौती को लेकर उत्साहित हैं, 2 अच्छी टीम और 2 अच्छी बॉलिंग अटैक का आमना-सामना होता है, कौन इसे पसंद नहीं करेगा.’
आईपीएल में खेलने की अपनी चाहत पर लैबुशेन ने कहा कि,’हां, बिलकुल, आप दुनिया के सबसे बेहतरीन टी-20 टूर्नामेंट में जरूर खेलना चाहेंगे, हर कोई आईपीएल का हिस्सा बनना चाहता है. अगर आपको मौका मिले तो जाहिर सी बात है कि आप कभी इससे इनकार नहीं करेंगे, लेकिन इस वक्त मेरे लिए वनडे और टेस्ट बेहद अहम है.’