अशोकनगर13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश देते सांसद केपी यादव।
- जिला निगरानी समिति की बैठक में छाया रहा अवैध रेत उत्खनन और उपचुनाव का मुद्दा
- मुंगावली व अशोकनगर में हैंडपंप खनन पर चंदेरी विधायक बोले-हमारे यहां उपचुनाव होते तो लग जाते हैंडपंप
- विधायक का जवाब-जो हमारी सरकार में अवैध उत्खनन करते थे वे अब आप के साथ
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक गुरुवार को कलेक्टोरेट में हुई। अध्यक्षता सांसद डॉ.केपी यादव ने की। बैठक में मुंगावली के अवैध उत्खनन पर चंदेरी विधायक ने निशाना साधा। उन्होंने कहा पिछले 1 साल से अवैध उत्खनन हो रहा है। प्रशासन मौन बनकर तमाशा देख रहा है। इस पर हंसते हुए सांसद ने कहा-सालभर से आपकी ही सरकार थी। सांसद द्वारा किए व्यंग पर विधायक ने भी हंसते हुए कहा सरकार किसी की भी हो गलत, गलत ही होता है। जो हमारी सरकार में अवैध उत्खनन कर रहे थे वे अब आपकी सरकार में शामिल हो गए हैं।
चंदेरी विधायक ने कहा हजारों ट्राली रेत का अवैध उत्खनन हो रहा है। जिला प्रशासन मौन बनकर तमाशा देख रहा है। रायल्टी नहीं है, बेतवा से हजारों ट्राली रेत चोरी हो रही है। करीला रोड और मुंगावली रोड पर इसका उपयोग किया गया। आज तक कार्रवाई नहीं हुई, मुझे समझ नहीं आ रहा प्रशासन कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? सांसद ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कांग्रेस सरकार में हमारे जिले में ही नहीं पूरे मप्र में अवैध उत्खनन हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कांग्रेस सरकार में हुए अवैध उत्खनन की जांच की जाए। विधायक ने भी कहा मैं सहमत हूं।
वहीं अंडरपास निर्माण में हो रही देरी पर सांसद ने कहा 5 महीने पहले भूमि पूजन हो गया।
पिछले साल से बढ़ गए 264 कुपोषित बच्चे
महिला बाल विकास की समीक्षा के दौरान सामने आया कि इस बार कुपोषित बच्चे 1664 हो गए हैं। जबकि पहले 1400 बच्चे कुपोषित थे। अशोकनगर शहर में 420, ग्रामीण 369, चंदेरी में 286, ईसागढ़ में 282 एवं मुंगावली में 359 बच्चे हो गए हैं। इस पर सांसद ने चिंता जाहिर की। उन्होंने महिला बाल विकास अधिकारी जयंत वर्मा से कहा इसे टारगेट लेकर चलो, ड्यूटी लगाओ, टीम गठित करें। कुपोषण के ऊपर ध्यान देना पड़ेगा।
आवास तो स्वीकृत हुए पर 2 साल से पोर्टल बंद
पीएम आवास ग्रामीण का आवास प्लस पोर्टल पिछले 2 साल से बंद है। ऐसे में 20 हजार लोगों के नाम जुड़ने से रह गए हैं। आवास स्वीकृत तो हो रहे हैं लेकिन हितग्राहियों के नाम जुड़ने में दिक्कत आ रही है। सांसद ने इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से बात करने की बात कही। साथ ही उन्होंने सर्वे करवाकर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाए जाने की बात कही। पर इसमें हितग्राहियों के नाम नहीं जुड़ रहे हैं।
विधायक बोले- मुंगावली व अशोकनगर में उपचुनाव तो खनन हो रहे हैं, चंदेरी के लिए मशीन खराब है
पीएचई की समीक्षा की गई, जिसमें पीएचई अधिकारी ने 152 में से 2 नल जल योजना को बंद होना बताया। उन्होंने कहा शिवपुरी से 50 मोटरें उधार ली हैं, ताकि पानी की दिक्कत न आए। चंदेरी विधायक ने कहा मुंगावली और अशोकनगर में हैंडपंप के लिए खनन हो रहे हैं क्योंकि यहां उपचुनाव हैं। एक व्यक्ति हैं वहां भी हैंडपंप लग रहा है। चंदेरी में 50 से 100 घर हैं वहां हैंडपंप नहीं लग रहे। इधर उपचुनाव होते तो वहां भी लग जाते। जिले में एक समान काम होना चाहिए। उन्होंने पीएचई अधिकारी से कहा पक्षपात पूर्ण रवैया है एक समान काम करना चाहिए। इस पर अधिकारी ने जी सर कहकर अपनी बात खत्म की। वहीं सांसद ने सभी जगह समान रुप से काम कराए जाने की बात कही।
0