जबलपुर18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- बीती शाम हुई घटना के 13 घंटे बाद बरामद हुए दोनोंं शव
बरगी थाना क्षेत्र स्थित टेमर फाॅल में बीती शाम पिकनिक मनाने पहुँची युवकों की टोली में से एक किशोर सहित दो नदी में डूब गये थे। दोनों की तलाश करने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन उनका पता नहीं चला। सोमवार को सुबह से फिर उनकी तलाश की गयी और सुबह साढ़े 8 बजे के करीब दोनों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। गोताखाेरों ने बताया कि दोनों शव वहाँ चट्टानों के बीच बनी गहरी खोह में फँस गये थे। काफी मशक्कत के बाद शवों को खोजकर निकाला जा सका। ज्ञात हो कि रविवार की दोपहर अधारताल कटरा निवासी शहनवाज मंसूरी उम्र 16 वर्ष, वसीर अंसारी उम्र 22 वर्ष अपने 8 से 10 साथियों के साथ पिकनिक मनाने के लिए टेमर फाॅल गये थे। वहाँ पर नहाते समय शहनवाज नदी में डूबने लगा था जिसे बचाने के चक्कर में वसीर अंसारी भी नदी में डूब गया था। इसकी जानकारी लगने पर पुलिस ने स्थानीय व होमगार्ड के गोताखाेरों की मदद से उनकी तलाश शुरू कराई और रात डेढ़ बजेे तक उनकी तलाश की गयी लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका था। सुबह साढ़े 5 बजे फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया और करीब 13 घंटों की मशक्कत के बाद दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला जा सका।
साथियों की मौत पर मातम
टेमर फॉल में हुए हादसे के बाद सोमवार को दोपहर दोनों के शवों को पीएम के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया और दोपहर बाद किशोर व युवक के शव उनके घर पहुँचे तो वहाँ मातम छा गया, वहीं साथी थी घटना से सदमे में थे। दोपहर बाद दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
दो घंटे के अंतराल में मिले शव
सूत्रों के अनुसार शवों की तलाश करने के लिए सुबह साढ़े 5 बजे रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया और साढ़े 6 बजे के करीब एक शव को खोज कर नदी से बाहर निकाला गया उसके बाद साढ़े 8 बजे दूसरा शव भी उसी स्थान से निकाला गया।
0