आमलाएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
चिचोली। पारंपरिक रूप से पूजा करते हुए आदिवासी।
- आदिवासियों ने लॉकडाउन के साथ रविवार को विश्व आदिवासी दिवस मनाया, क्रांतिकारी बिरसा मुंडा को किया याद
लॉकडाउन के साथ रविवार को विश्व आदिवासी दिवस मनाया। नगर में स्थापित क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर आदिवासी समुदाय के लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए माल्यार्पण किया। ग्रामीण अंचलो में भी विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया गया। बड़ादेव की पूजा अर्चना की गई। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए छोटी-छोटी रैलियां भी गांवों में निकाली गई। नगर में लॉकडाउन के कारण कोई भी बड़ा आयोजन नहीं हो सका। आदिवासी समुदाय के लोगों में नाराजगी भी दिखाई दी। रविवार दोपहर तक आदिवासी समुदाय के एक-एक, दो-दो लोगों ने आकर बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
आदिवासी समुदाय ने जगह जगह आयोजित किए सांकेतिक कार्यक्रम : शाहपुर| विश्व आदिवासी दिवस पर रविवार को आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में विविध सांकेतिक कार्यक्रम हुए। कोरोना संक्रमण से बचाव और लॉकडाउन के चलते इस बार आदिवासी दिवस पर होने वाले वृहद आयोजन नहीं हो पाए। आदिवासी दिवस पर नालादेव पर बड़ादेव का पूजन भगत बदामी मरकाम ने किया। पावरझंडा में सोशल डिस्टेंस के साथ सास्कृतिक गतिविधियां हुई।
ब्लॉक में आदिवासी समुदाय ने निकाली शोभायात्रा : चिचोली| ब्लॉक के प्रत्येक गांव में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस हर्ष उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान गांवों में सुबह आदिवासी समाज समुदाय के लोगों ने अपने सांस्कृतिक पारंपरिक रीति के अनुसार शोभायात्रा निकालकर और अपने आराध्य देवता प्राकृति शक्ति पड़ापेन, महापुरुषों की छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर विश्व आदिवासी दिवस मनाया। साथ ही ब्लॉक के अन्य ग्रामीण अंचल देवपुर कोटमी, सिपलाई, असाड़ी, मालीपुरा, चुनागोसाई, हरदू, बेला, कहुपानी टांड़र चिरापाटला, कामठामाल, चुरनी, टांडा, मलाजपुर ,हर्राबाड़ी सहित अन्य गांवों में आदिवासी समाज संगठन ने विश्व आदिवासी दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन के बाद बड़े बुजुर्गों का सम्मान किया।
सतरंगी ध्वजा, पूजन व श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुए: घोड़ाडोंगरी| नगर में विभिन्न जगहों पर आदिवासी समाज द्वारा विश्व आदिवासी दिवस पर लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए आदिवासी वीर सपूतों को याद किया। बाजारढाना में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भोंदे सिंह कवड़े के परिवार द्वारा मोहल्ले में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। समाज के लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की छाया प्रति पर पुष्प चढ़ाकर उनके बलिदान को याद करते हुए उनके सत्कर्मों के बारे में बताया और घर-घर जाकर गांव के समाज सेवियों का सम्मान पीला गमछा, श्रीफल से किया।
0