Most 200 plus score in IPL History made by RCB, CSK, KXIP, MI|इन 4 टीमों ने IPL में बनाया है सबसे ज्यादा बार 200 का स्कोर

Most 200 plus score in IPL History made by RCB, CSK, KXIP, MI|इन 4 टीमों ने IPL में बनाया है सबसे ज्यादा बार 200 का स्कोर


नई दिल्ली: साल 2008 वो साल रहा जहां से भारतीय क्रिकेट में आईपीएल के रूप में एक नए युग की शुरूआत हुई. देखते ही देखते मौजूदा वक्त में इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट दुनिया की 20 ओवर वाली सबसे बड़ी लीग बन गई है. इस बीच आईपीएल इतिहास के 12 सालों के दौरान कई टीमों ने 200 या उससे अधिक का आकंड़ा पार किया है. टी-20 में 200 का स्कोर बनाना किसी भी टीम के लिए बेहद कठिन कार्य माना जाता है. लेकिन आईपीएल की कई फ्रेंचाइजी ऐसी रही हैं, जिन्होंने यह कारनामा कई बार किया है. हालांकि कई मौके पर ये टीम इतने विशाल लक्ष्य पर भी जीत नहीं पाई हैं. मजेदार किस्सा यह रहा है कि आईपीएल इतिहास के पहले मैच में ही कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम की तरफ से 222-3 का बड़ा स्कोर समाने आया था.

यह भी पढ़ें- इन 5 भारतीय क्रिकेटर्स ने अपने ही साथियों पर दिया था विवादित बयान

4- मुंबई इंडियंस
4 बार की आईपीएल चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बार 200 के स्कोर बनाने के मामले में चौथे पायदान पर है. मुंबई इंडियंस ने आईपीएल इतिहास के 12 सालों में 11 बार 200 का आंकड़ा पार किया है. वहीं गौर किया जाए मुंबई इंडियंस के सर्वोच्च स्कोर की तरफ, तो साल 2017 में इस टीम ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 20 ओवर में 223-6 रनों का स्कोर बनाया था. मुंबई इंडियंस ने ये रन टारगेट का पीछा करते वक्त बनाए थे, इसके बावजूद टीम को हार का मुंह देखना पड़ा.

3- किंग्स इलवेन पंजाब
किंग्स इलवेन पंजाब आईपीएल की वो टीम है, जिसमें केएल राहुल और क्रिस गेल जैसे धाकड़ खिलाड़ी शामिल हैं, जो अपने बल्ले से रनों की बौछार करने से कभी भी चूकते नहीं हैं. किंग्स इलवेन पंजाब के इतिहास पर नजर डाली जाए तो पंजाब की टीम ने 12 बार आईपीएल में 200 या उससे अधिक का आंकड़ा पार किया है. इसके साथ ही पंजाब ने साल 2011 में आरसीबी के खिलाफ 232 रन का बेस्ट स्कोर बनाया था.

2- चेन्नई सुपरकिंग्स
 भारत के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल की सबसे कामयाब टीम में से एक चेन्नई सुपरकिंग्स की कमान भी संभालते हैं. चेन्नई सुपरकिंग्स आईपीएल के हर क्षेत्र में कारगर साबित होती है. तो भला IPL में सबसे अधिक बार 200 का स्कोर बनाने की बात हो और सीएसके उसमें पीछे रह जाए. चेन्नई टीम ने आईपीएल में 16 बार 200 से ऊपर का आंकड़ा अर्जित किया है और इस मामले में चेन्नई दूसरे नंबर पर है. सीएसके की टीम का सबसे अधिक स्कोर साल 2010 में राजस्थान रॉयल्स के विरुद्ध आया था, जब टीम ने 246-5 रन बनाए.

1- रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
 इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा बार 200 प्लस का स्कोर बनाने की बात हो तो इस काम में विराट कोहली की टीम आरसीबी (RCB) पहले नंबर पर काबिज है. आईपीएल के 12 साल के इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर  ने सबसे ज्यादा 18 बार 200 का स्कोर बनाया है. हालांकि इतने बार 200 बनाने के बाद भी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर एक बार भी आईपीएल की खिताब अपने नाम नहीं कर पाई है. वहीं बैंगलोर के उच्चतम स्कोर पर नजर डाली जाए तो वह साल 2013 में पुणे वारियर्स के खिलाफ आया था. उस समय आरसीबी का हिस्सा क्रिस गेल हुआ करते थे और उस मैच गेल ने टी20 क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी नाबाद 175 रन खेली. जिसकी मदद से आरसीबी ने 263-5 का सबसे अधिक स्कोर बनाया. टी20 क्रिकेट में यह दोनों स्कोर इतिहास में दर्ज हैं.  





Source link