उज्जैन7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
तनु बीकाॅम सेकंड ईयर की छात्रा थी, गुरुवार दोपहर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई।
- नानाखेड़ा स्थित होटल नटराज में दोपरह करीब 2 बजे तनु की लाश बिस्तर पर पड़ी मिली
- तनु पड़ोस में रहने वाले सुभाष के साथ होटल आई थी, डेढ़ घंटे बाद ही चला गया था सुभाष
उज्जैन में गुरुवार दोपहर नानाखेड़ा स्थित होटल नटराज में एक युवक के साथ पहुंची तनु परिहार की गला रेत कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारा कोई और नहीं तनु को साथ में लेकर होटल पहुंचा सुभाष पोरवाल ही निकला। करीब सुबह साढ़े 11 बजे होटल पहुंची तनु की हत्या करके आरोपी डेढ़ घंटे में होटल से बाहर निकल गया। होटल मैनेजर को शक होने पर कमरे में पहुंचा तो वह मृत पड़ी थी।
अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि तनु और सुभाष दोनों न्यू इंदिरा नगर में रहते हैं। दोनों पड़ोसी हैं, इसलिए जान-पहचान थी। तनु के परिवार में उसकी मां और उसके दो छोटे भाई हैं। पिता की दो साल पहले मौत हो चुकी है। तनु घर में सबसे बड़ी थी और भारतीय महाविद्यायल में बीकाॅम सेकंड ईयर की छात्रा थी। वहीं, सुभाष के बारे में पता चला है कि वह ऑटो चलाता है। वह ऑटो से लेकर उसे होटल में पहुंचा था। हत्या के बाद ऑटो लेकर फरार हो गया।

ऑटो चालक सुभाष, जिस पर तनु की हत्या का आरोप है।
घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं
पता चला है कि तनु के पिता की मौत के बाद उनकी आर्थिक हालत ज्यादा अच्छी नहीं है। भाई पढ़ाई के साथ एल्युमीनियम का भी काम करते हैं। तनु सुबह घर से कुछ देर में आने का कहकर निकली थी। दो- ढाई घंटे बाद उसकी मौत की खबर पुलिस ने दी। शाम को जब पीएम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा तो उन्होंने कहा कि हम शव को सुबह घर लेकर जाएंगे। पुलिस के समझाने के बाद वे शव लेकर घर को रवाना हुए।
कमरे में संघर्ष के निशान नहीं
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि आरोपी पूरी प्लानिंग से युवती को होटल में लेकर पहुंचा था। रूम में किसी प्रकार के संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। युवती जो बैग और पानी की बोतल लेकर आई थी वह बिस्तर पर पड़ा मिला है। संभवत: आरोपी ने युवती को बातों में उलझाकर पीछे से वार किया है। पुलिस के अनुसार कहीं लड़की किसी दबाव में तो आकर होटल नहीं आई थी। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।
होटल रिटायर्ड पुलिस अधिकारी का
सूत्रों के अनुसार जिस होटल नटराज में हत्या को अंजाम दिया गया। वह रिटायर्ड पुलिस अधिकारी का बताया जा रहा है। ऐसी सूचना मिली है कि होटल मालिक इंदौर में निवास करते हैं। हालांकि अब तक पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। लेकिन प्रारंभिक तौर पर हत्या के लिए पुलिस ने होटल प्रबंधन को भी जिम्मेदार ठहराया है। पूरे मामले में एसपी ने होटल प्रबंधन पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि जब दोनों स्थानीय थे तो फिर लापरवाही पूर्वक उन्हें होटल में रूम कैसे दे दिया गया। होटल के सीसीटीवी कैमरे भी बंद हैं, इससे भी प्रबंधन की लापरवाही दिखाई दे रही है।
0