नई दिल्ली: क्रिकेट के इतिहास में अब तक कई शानदार खिलाड़ी हुए हैं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से हमेशा ही फैंस के दिलों को जीता है. बल्लेबाजों की ही तरह इस खेल में कई दिग्गज गेंदबाज भी हुए हैं, जिन्होंने अपनी गेंदबाजी से न जाने कितनी बार अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया है. वहीं अगर हम बात करें टेस्ट क्रिकेट तो यहां भी गेंदबाजों ने अपना जलवा खूब दिखाया है. वैसे भी कोई भी टीम तब तक मजबूत नहीं बन सकती जब तक उसके पास अच्छे बल्लेबाजों के साथ-साथ बेहतरीन गेंदबाज न हों.
यह भी पढ़ें- इरफान पठान के नाम दर्ज है वर्ल्ड कप से जुड़ा ये अनोखा रिकॉर्ड, जानिए डिटेल
यहां आपको बता दें कि टेस्ट क्रिकेट में 600 विकेट अपने नाम करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट काफी छोटी है. जी हां, सिर्फ 3 ही गेंदबाज ऐसे हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 600 विकेट चटकाए हैं और वे हैं मुथैया मुरलीधरन, शेन वार्न और अनिल कुंबले. लेकिन अगर हम बात करें मौजूदा गेंदबाजों की तो कुछ ही गेंदबाज ऐसे हैं, जिनसे उम्मीद की जा रही है कि वो जल्द ही इस आंकडे को पार कर सकते हैं. तो चलिए आज की इस स्टोरी में हम आपको आज के वक्त के उन गेंदबाजों के बारे में बताने वाले हैं जो टेस्ट क्रिकेट में 600 विकेट लेने का रिकॉर्ड बना सकते हैं.
रविचंद्रन अश्विन
भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर रविचन्द्रन अश्विन काफी समय से गेंदबाजी में खूब झंड़े गाड़ रहे हैं. टेस्ट क्रिकेट में विपक्षी टीम के बल्लेबाजों की नाक में दम करने वाले आर अश्विन ने अब तक अपने करियर में 71 टेस्ट मुकाबलों में हिस्सा लिया है, जिनमें उन्होंने 365 विकेट अपने नाम कर लिए हैं. हालांकि अश्विन टेस्ट में 600 विकेट के आंकड़े के काफी दूर हैं, मगर जिस स्पीड से वो चल रहे हैं उससे तो यही लगता है कि जल्द ही अश्विन इस गिनती को पूरा कर लेंगे.
जेम्स एंडरसन
इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन को वर्तमान समय का सबसे बेहतरीन गेंदबाज माना जाता है. एंडरसन अपनी जबरदस्त स्विंग और सटीक लाइन-लैंथ के जरिए अपना बड़ा नाम कर चुके हैं. एंडरसन ने अब तक अपने टेस्ट करियर में कुल 154 मैच खेल हैं, जिनमें उन्होंने 593 विकेट लिए हैं. टेस्ट में 600 विकेट का आंकड़ा पार करने से एंडरसन सिर्फ 7 विकेट की दूरी पर हैं.
स्टुअर्ट ब्रॉड
इंग्लैंड के एक और शानदार गेंदबाज का नाम इस लिस्ट में शामिल है. तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड आज के दौर के सबसे घातक गेंदबाजों में से एक हैं और उनके आगे दुनिया के तमाम बल्लेबाज घुटने टेक देते हैं. ब्रॉड अपने करियर में अब तक 142 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिनमें ब्रॉड 510 विकेट अपने नाम कर चुके हैं. टेस्ट में 600 विकेट पूरे करने के लिए उन्हें सिर्फ 90 विकेट की जरूरत है और अगर ब्रॉड ऐसे ही खेलते रहे तो ब्रॉड इस आंकड़े को बहुत जल्द पूरा भी कर लेंगे.