- Hindi News
- Local
- Mp
- Kamal Nath | Independence Day 2020; MP Former Chief Minister Kamal Nath To Share His Dil Ki Baat Today
भोपाल9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ थोड़ी देर में प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे।
- कांग्रेस ने भाजपा के सवालों को हास्यास्पद बताया, कहा- स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ही संदेश दिया जाता है
- पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का संबोधन कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रसारित किया जाएगा
पूरा देश 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए तैयार है लेकिन भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या के आरोप लगाने वाली मध्य प्रदेश कांग्रेस स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लोगों के सामने अपनी बात रखेगी। प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शुक्रवार को प्रदेश की जनता के नाम अपना संदेश प्रसारित करेंगे। सोशल मीडिया के जरिए प्रसारित होने वाले संदेश में कमलनाथ डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के संविधान और मौजूदा परिस्थितियों पर अपनी बात रखेंगे।
प्रदेश में 20 मार्च 2020 को सत्ता गंवाने के बाद कमलनाथ का प्रदेश की जनता के नाम यह पहला संदेश होगा। वो सोशल मीडिया के जरिए संवैधानिक व्यवस्था और संविधान को लेकर अपनी बात रखेंगे। 14 अगस्त की शाम को कांग्रेस के फेसबुक और ट्विटर हैंडल पर उनके संदेश का लाइव स्ट्रीमिंग होगी। वो जनता को बताएंगे कि किस तरह कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को साजिश करके गिरा दिया गया। वो जनता को ये भी बताने की कोशिश करेंगे कि उनकी सरकार ने 15 महीनों में कौन-कौन से बड़े फैसले लिए और भाजपा की शिवराज सरकार ने उनके कौन से फैसलों पर रोक लगा दी। संदेश शाम 4:00 बजे से प्रसारित होगा।
भाजपा ने कहा- 14 अगस्त को पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है
कमलनाथ के संदेश पर भाजपा हमलावर हो गई है। प्रदेश प्रवक्ता हितेष वाजपेयी ने कहा कि 14 अगस्त को पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। कमलनाथ 14 अगस्त को ही संदेश प्रसारित कर रहे हैं। रजनीश अग्रवाल ने कहा कांग्रेस पार्टी भी अब एक्चुअल से वर्चुअल पर आ गई है लेकिन कांग्रेस को जनता को बताने के लिए कुछ भी बाकी नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर हुए कुठाराघात के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। कमलनाथ को अपने संदेश में इस बात का जिक्र जरूर करना चाहिए।
कांग्रेस ने पलटवार किया, कहा- भाजपा मुद्दाविहीन हो गई है
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कमलनाथ के संदेश पर सवाल उठाने वाले भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए उन्हें मुद्दाविहीन और हास्यास्पद बताया है। सलूजा ने कहा कि कमलनाथ प्रदेश की जनता से रूबरू होने जा रहे हैं, लेकिन बड़ा हास्यास्पद है कि भाजपा कमल नाथ के संदेश पर सवाल उठा रही है। 14 अगस्त को पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस का हवाला देना बताता है कि भाजपा मुद्दाविहीन हो गई है। क्या उन्हें नहीं पता कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश के नाम संदेश प्रसारित होता है।
0