Meditation center to be built in 10 hectare on Omkar mountain | ओंकार पर्वत पर 10 हेक्टेयर में बनेगा मेडिटेशन सेंटर

Meditation center to be built in 10 hectare on Omkar mountain | ओंकार पर्वत पर 10 हेक्टेयर में बनेगा मेडिटेशन सेंटर


खंडवा16 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
  • जगद्‌गुरु शंकराचार्य जी की दीक्षा स्थली पर ही होगी 108 फीट ऊंची प्रतिमा की स्थापना, डिजाइन हो रही तैयार
  • 20 करोड़ रुपए तक खर्च होंगे, दो पर्वत श्रृंखला को जोड़ने के लिए एक किमी लंबा हैंगिंग ब्रिज, जगद्‌गुरु संग्रहालय, वेद पाठशाला भी बनेगी
  • संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव पहुंचे ओंकारेश्वर, कलेक्टर सहित अफसरों के साथ निर्माण कार्यों को देखा और नए प्रस्तावों पर की चर्चा

ओंकारेश्वर में ओंकार पर्वत पर 108 फीट ऊंची जगद्‌गुरु आदि शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची प्रतिमा की स्थापना की तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं 10 हेक्टेयर क्षेत्र में मेडिटेशन सेंटर भी बनाया जाएगा। केंद्र सरकार की प्रसाद योजनांतर्गत एक लगभग 20 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके फेस 1 के तहत कुछ निर्माण कार्य पूर्ण होने वाले हैं जबकि दूसरे फेस 2 में जो काम होने हैं, उनके प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे। तीर्थनगरी में चल रहे कामों की समीक्षा के लिए संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला, कलेक्टर अनय द्विवेदी, मुख्य वन संरक्षक एस.एस. रावत, संचालक संस्कृति विभाग अदिति कुमार त्रिपाठी, मुख्यमंत्री के उप मुख्य सचिव मनीष पाण्डे, आदिगुरू शंकराचार्य न्यास के प्रभारी व सहायक संचालक संस्कृति शैलेन्द्र मिश्रा को लेकर प्रतिमा स्थापना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पैदल ही पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने प्राचीन श्री गौरी सोमनाथ महादेव व लेटे हुए हनुमानजी के दर्शन कर श्री राजराजेश्वरी सेवा संस्थान में अधिकारियों की बैठक ली। शुक्ला ने बताया दो पर्वत श्रृंखलाओं को जोड़ने के लिए 1 किलोमीटर लंबा हैंगिंग ब्रिज, जगद्‌गुरु संग्रहालय, वेद पाठशाला, पर्यावरण का विस्तार, पेड़-पौधों का संरक्षण सहित अन्य कार्य होंगे। हवा-हवाई ब्रिज पर बुजुर्गों के लिए साइकिलिंग की व्यवस्था की जाएगी। संग्रहालय में जगद्‌गुरु शंकराचार्य से जुड़ी बातें, उनकी जीवन शैली, हिंदू धर्म की ध्वजा पूरे विश्व में लहराने में उनका महत्वपूर्ण योगदान जैसी जानकारी पर्यटकों को प्रतिमा स्थल पर मिलेगी। उन्होंने कहा जगतगुरु शंकराचार्यजी की दीक्षा स्थली पर काम करने का मौका हमें मिला है। हम चाहते हैं कि जगतगुरु की दीक्षा स्थली की पहचान पूरे विश्व में हो। जिस स्थान पर जगद्‌गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा की स्थापना होना है वहां किसी भी प्रकार की रात्रि विश्राम की व्यवस्था नहीं की जाए। केवल सुरक्षा स्टाफ लिए रूम बनाकर दिए जाएंगे। प्रमुख सचिव शुक्ला दीक्षा स्थली श्री गुरु गोविंद पादाचार्य महाकाली गुफा पहुंचे। यहां उन्होंने जगद्‌गुरु के दर्शन कर कलेक्टर द्विवेदी से पूरी जानकारी ली। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर दर्शन व्यवस्था का जायजा लिया। बाद में ओंकारेश्वर के प्राचीन श्री मार्कंडेय संन्यास आश्रम पहुंचकर आश्रम के प्रमुख स्वामी श्री प्रणवानंदजी सरस्वती जी महाराज से जगद्‌गुरु शंकराचार्यजी के बारे में चर्चा की।

ऐसी है योजना : गेस्ट हाउस के पास बनेगा संग्रहालय
एनवीडीए गेस्ट हाउस के पास स्थित पहाड़ी पर आचार्य शंकराचार्य संग्रहालय व अंतराष्ट्रीय वेदांत संस्थान बनेगा। प्रमुख सचिव शुक्ला ने संग्रहालय व संस्थान के लिए चल रहे काम देखे और शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा-ओंकार पर्वत पर स्थापित होने वाली आदि शंकराचार्य की प्रतिमा के आसपास आकर्षक उद्यान विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाए।

फ्लैश बैक

19 दिसंबर 2017 को एकात्म यात्रा शुरू हुई थी जिसका समापन 22 जनवरी 2018 को देश के प्रख्यात साधु-संतों सहित हजारों लोगों की उपस्थिति में हुआ था। प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जगद्‌गुरु शंकराचार्यजी की प्रतिमा की स्थापना का संकल्प इसी स्थान पर लिया था। 9 जनवरी 2018 को पूर्व संस्कृति सचिव मनोज श्रीवास्तव ने एकात्म यात्रा के समापन से पूर्व ओंकारेश्वर का दौरा किया था।

0



Source link