नई दिल्ली: वैसे तो क्रिकेट की दुनिया में हर बार बल्लेबाज को आउट होते देखने का रोमांच अलग ही होता है और किसी भी बल्लेबाज को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की तरफ से मान्य नियमों के हिसाब से देखें तो कुल 10 तरीकों से आउट किया जा सकता है। लेकिन इनमें कुछ तरीके ऐसे बचकाने हैं, जिनसे आउट होने वाले बल्लेबाज की शायद खुद भी हंसी छूट जाती होगी. आप शायद जानकर हैरान हो जाएंगे कि इनमें ऐसा भी बचकाना तरीका है, जिससे आज तक खेले गए 2393 टेस्ट मैचों में महज एक ही खिलाड़ी को आउट दिया गया है.
ये नियम हैं ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड (Obstructing the field) का. इस नियम से आउट होने वाले इकलौते खिलाड़ी थे इंग्लैंड के महान टेस्ट क्रिकेटर लेन हटन (Len Hutton), जिन्हें 18 अगस्त,1951 को टेस्ट मैच में आउट दिया गया था. हटन को टेस्ट मैचों के इतिहास में महान डॉन ब्रैडमैन के समकक्ष गिना जाता है. लेकिन ऐसे दिग्गज क्रिकेटर को इस नियम के तहत कैसे आउट दिया गया था, आइए डालते हैं इस पर एक नजर.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में हुए थे आउट
दक्षिण अफ्रीका की टीम साल 1951 में इंग्लैंड के दौरे पर आई हुई थी. सीरीज का 5वां टेस्ट मैच द ओवल के मैदान पर खेला गया. इससे पहले सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे चल रही थी. इसके चलते अफ्रीकी टीम सीरीज आखिरी टेस्ट मैच जीतकर 2-2 से बराबरी करने के लिए कुछ भी करने को तैयार थी. अफ्रीकी कप्तान डाउडली नोर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया. उनकी टीम 202 रन पर ही आउट हो गई.
एक टेस्ट मैच में 19 विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज ऑफ स्पिनर जिम लेकर (Jim Laker) ने 4 विकेट लिए. जवाब में इंग्लैंड की टीम को अफ्रीकी गेंदबाजों ने 194 रन पर ही लुढ़का दिया. मुकाबला कांटे का चल रहा था. दूसरी पारी में जिम लेकर और ज्यादा घातक साबित हुए. उन्होंने 55 रन देकर 6 विकेट लेते हुए अफ्रीकी टीम को 154 रन पर ही रोक दिया. इंग्लैंड को लक्ष्य मिला 163 रन जीत के लिए बनाने का.
Sir Len Hutton is the only man to be given out for obstructing the field in test cricket. #TuesdayTrivia. pic.twitter.com/D8GyvibppY
— SunRisers Hyderabad (@SunRisers) December 17, 2013
दूसरी पारी में ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड द फील्ड आउट हुए हटन
इंग्लैंड की टीम ने लक्ष्य का पीछा करना चालू किया तो हटन और फ्रैंक लॉसन की ओपनिंग जोड़ी ने 53 रन जोड़ दिए. अफ्रीकी इस जोड़ी को तोड़ने के लिए सारी जुगत भिड़ा रहे थे. तभी एक गेंदबाज की गेंद 27 रन बना चुके हटन के बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर कैच के लिए उछल गई. विकेटकीपर रसैल एंडेन इसे लपकना चाहते थे, जबकि हटन को लगा कि गेंद सीधे स्टंप पर गिर रही हो तो उन्होंने अपना बल्ला अड़ा दिया. इसके चलते रसैल कैच लपकने से चूक गए. इससे नाराज अफ्रीकी टीम ने तब वो अपील कर दी, जो इससे पहले कभी टेस्ट मैच इतिहास में नहीं सुनी गई थी और न ही इसके बाद कभी सुनाई दी. ये अपील थी हटन के खिलाफ ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ आउट दिए जाने की.
कई मिनट लगे अंपायरों को समझने में
एक ऐसा नियम, जो कभी उपयोग ही नहीं हुआ था, उसके तहत अपील पर निर्णय में अंपायरों को भी कई मिनट लगे. गेंदबाजी छोर पर खड़े अंपायर ने लेग अंपायर से सलाह-मशविरा किया. पहले दोनों ये ही नहीं समझ पाए कि आखिर अपील किसलिए की जा रही है. तब अफ्रीकी कप्तान ने उन्हें नियम की याद दिलाई. ऐसे में असमंजस ये था कि ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड माना किसे जाएगा, नियम में ये ब्योरा मौजूद नहीं था.
फिर आपस में मशविरा करने के बाद अंपायरों ने माना कि हटन ने कैच लपकने में खलल डाला है, इसलिए वे इस नियम के तहत दोषी हैं. इसके बाद टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली और आखिरी बार किसी बल्लेबाज को इस नियम के तहत आउट दिया गया. ये दोनों अंपायर थे डेई डेविस (Dai Davies) और फ्रैंक चेस्टर (Frank Chester). बाद में इंग्लैंड ने ये टेस्ट मैच 6 विकेट पर 164 रन बनाकर 4 विकेट से जीत लिया. लेकिन अगले दिन अखबारों में इंग्लैंड की 3-1 से सीरीज जीत से भी ज्यादा चर्चा हटन के आउट होने की थी.
हटन के नाम रहा टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर
लेन हटन ने अपने 79 टेस्ट मैच के करियर में 56.67 के जबरदस्त रन औसत के साथ 6,971 रन बनाए थे, जिसमें 19 शतक और 33 अर्द्धशतक शामिल थे. उनका सर्वाधिक स्कोर 364 रन था, जो करीब दो दशक तक टेस्ट क्रिकेट में किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर रहा. बाद में वेस्टइंडीज के गैरी सोबर्स (Garry Sobers) ने नाबाद 365 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया था.
वनडे क्रिकेट में आउट हुए हैं 7 क्रिकेटर, एक भारतीय भी शामिल
ऑब्सट्रक्शन द फील्ड नियम से टेस्ट क्रिकेट में भले ही एक ही क्रिकेटर आउट हुआ है, लेकिन 4,258 वनडे मैचों में 7 बल्लेबाजों के लिए अंपायर ने आउट होने का इशारा इस नियम के तहत किया है. इनमें एक भारतीय बल्लेबाज मोहिंदर अमरनाथ भी शामिल हैं, जिन्हें 22 अक्तूबर 1989 को श्रीलंका के खिलाफ अहमदाबाद वनडे मैच में इस तरह आउट दिया गया था. इस नियम के तहत सबसे पहले पाकिस्तान के रमीज राजा को 20 नवंबर 1987 को इंग्लैंड के खिलाफ कराची वनडे में आउट दिया गया था. आखिरी बार अमेरिका के एक्सएम मार्शल यूएई के खिलाफ 8 दिसंबर 2019 को शारजाह वनडे में इस नियम से आउट हुए थे. अन्य क्रिकेटरों में पाकिस्तान के इंजमाम उल हक , मोहम्मद हफीज, अनवर अली और इंग्लैंड के बेन स्टोक्स को इस तरह आउट दिया गया है.