नई दिल्ली: एक हफ्ते पहले वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल (Chris Gayle) के साथ अपने जन्मदिन का जश्न मानने वाले के जमैका के मशहूर धावक उसेन बोल्ट की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. फर्राटा दौड़ में 8 बार ओलिंपिक गोल्ड मेडल का पदक हासिल करने वाले उसेन बोल्ट ने बीते 21 अगस्त को अपना 34वां जन्मदिन मनाया था, इस मौके पर उन्होंने एक पार्टी का भी बंदोबस्त किया, जिसमें क्रिस गेल सहित कई लोग शामिल थे.
बताया जा रहा है कि बोल्ट की इस पार्टी में सोशल डेस्टेंसिंग के नियमों के धज्जियां उड़ी थी और आलम यह रहा कि खुद उसेन बोल्ट (Usain Bolt) ही कोरोना की चपेट में आ गए. इसके बाद क्रिस गेल ने खुद की होम आइसोलेशन में रख लिया और आईपीएल 2020 (IPL 2020) के लिए यूएई जाने से पहला अपनी कोरोना जांच करवाई.
हालांकि क्रिस गेल में कोरोना वायरस के कोई भी लक्षण नहीं पाए गए और उनकी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव आई है. लेकिन अब भी कुछ दिन क्रिस गेल को खुद को होम आइसोलेशन में रखना होगा. जिस वजह से गेल अपनी आईपीएल (IPL) टीम किंग्स इलेवन पंजाब के साथ थोड़ी देरी से जुड़ पाएंगे. क्रिस गेल ने अपनी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने की जानकारी अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए दी है और बताया कि वह इस गंभीर वायरस की चपेट में आने से बच गए. साथ ही वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं.
इसके अलावा उसेन बोल्ट के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी जमैका के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है. मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि फर्राटा दौंड में विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले स्प्रिंटर उसेन बोल्ट कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं. उसके बाद खुद बोल्ट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर कर इसकी पुष्टि की है.
Stay Safe my ppl pic.twitter.com/ebwJFF5Ka9
— Usain St. Leo Bolt (@usainbolt) August 24, 2020
बोल्ट ने ये भी कहा है कि जो भी लोग उनकी बर्थेडे पार्टी में उनके संपर्क में आए वो सभी अपनी कोरोना जांच जरूर कराएं. साथ ही बोल्ट ने यह भी बताया कि उनमें कोविड-19 के लक्षण नहीं दिख रहे थे, लेकिन फिर भी उन्होंने शनिवार को इसकी जांच करवाई और सोमवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. ऐसे में अब उसेन बोल्ट को कोरोना के इलाज की प्रक्रिया के तहत सेल्फ-आइसोलेशन में रखा गया है.