IPL-3 में सचिन तेंदुलकर ने बता दिया था, क्यों कहा जाता है उन्हें ‘क्रिकेट का भगवान’

IPL-3 में सचिन तेंदुलकर ने बता दिया था, क्यों कहा जाता है उन्हें ‘क्रिकेट का भगवान’


नई दिल्ली. टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने क्रिकेट जगत में कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं. सचिन तेंदुलकर के कुछ रिकॉर्ड ऐसे भी हैं, जिन तक शायद ही कोई और खिलाड़ी पहुंच पाए. फिर चाहें वो इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक या फिर सबसे अधिक रन क्यों न हो. 

यह भी पढ़ें- जब सचिन ने लिया रिटायरमेंट, तब क्रिकेटर सुषमा वर्मा ने IPL देखना छोड़ दिया

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ही नहीं बल्कि आईपीएल में सचिन तेंदुलकर ने अपने बेहतरीन खेल की छाप छोड़ी है. जिसके तहत इंडियन प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन में ही सचिन तेंदुलकर ने औरेंज कैप जीतकर यह शंखनाद कर दिया था कि आखिर ऐसे ही उन्हें क्रिकेट का भगवान नहीं कहा जाता. 

सचिन तेंदुलकर लागातर 6 साल आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे. आईपीएल के पहले 2 सीजन में अपने बैट से कुछ खास कमाल नहीं दिखाने वाले सचिन को लेकर उस समय या चर्चाएं  भी गर्म हो गईं थी कि इस फॉर्मेट के लिए वह फिट नहीं बैठते. फिर साल 2010 में आया आईपीएल सीजन 3 और इस सीजन में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने कुछ अलग करने की ठान रखी थी. 

बस फिर क्या था आईपीएल 3 में सचिन तेंदुलकर ने अपने बल्ले से गेदबाजों पर हल्ला बोलते हुए अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया. सचिन तेंदुलकर ने इस आईपीएल सीजन के 15 मैचों में 47.53 के शानदार औसत से 618 रन बनाए, जिसकी बदौलत उन्हें आईपीएल की औरेंज कैप खिताब भी मिला था.  इसके साथ ही सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल 2010 के दौरान 5 बार पचास का आंकड़ा पार किया था. बल्ले के साथ-साथ सचिन तेंदुलकर ने अपनी कप्तानी का जलवा दिखाते हुए अपनी टीम मुंबई इडियंस की पहली बार आईपीएल फाइनल में एंट्री दिलाई. 

चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ खिताबी मैच में हाथ में चोट होने के बाबजूद सचिन तेंदुलकर ने 48 रनों की कप्तानी पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को विजेता बनाने में सफल नहीं हो पाए. इसके अलावा सचिन की बल्लेबाजी का जादू आईपीएल 4 में भी खूब चला और इस दौरान तेंदुलकर ने अपने आईपीएल करियर का पहला सैंकड़ा पूरा करते हुए पूरे सीजन में 553 रन बनाए. 

ऐसे में एक नजर डालें सचिन तेंदुलकर के आईपीएल करियर पर तो उन्होंने 78 मैचों में 34.83 की औसत से 2,334 रन बनाए थे. जिसमें सचिन तेंदुलकर ने 1 शतक और 13 अर्धशतक भी जड़े थे. साथ ही सचिन का बेस्ट स्कोर नाबाद 100 रन का है. बता दें कि 2013 के बाद सचिन तेंदुलकर ने बतौर खिलाड़ी आईपीएल से नाता तोड़ लिया था. 





Source link