नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग ने कई खिलाड़ियों को सुपरस्टार बना दिया. तो कई ऐसे खिलाड़ी आईपीएल (IPL) इतिहास का हिस्सा हैं, जो फिलहाल गुमनामी के अंधेरे में गुम हैं. उनमें से एक नाम है गोवा के दाएं हाथ के बल्लेबाज स्वप्निल असनोडकर (Swapnil Asnodkar) का. जी हां स्वप्निल ने आईपीएल के पहले सीजन में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए कई मौकों पर विपक्षी टीम के हौंसले पस्त किए थे. आईपीएल-1 में स्वप्निल की बल्लेबाजी देख सबका यह मानना था कि वह भारतीय क्रिकेट का अगला सचिन तेंदुलकर बन सकते थे.
यह भी पढ़ें- जब कुलदीप और चहल ने किया शिखर धवन पर मजेदार कमेंट, तो ‘गब्बर’ ने दिया ये जवाब
स्वप्निल असनोडकर ने आईपीएल सीजन-1 में बनाए 311 रन
साल 2008 में आईपीएल का आयोजन हुआ. भारत के युवा क्रिकेटरों के लिए इस टूर्नामेंट को बेहद शानदार अवसर बताया गया. इसी बात को जहन में रखते हुए छोटे कद के स्वप्निल असनोडकर ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल खेला. स्वप्निल असनोडकर ने पहले आईपीएल में राजस्थान टीम को चैंपियन बनाने में काफी अहम योगदान दिया था.
असनोडकर ने साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ के साथ राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग करते हुए कई अहम साझेदारियां निभाईं. आईपीएल सीजन 2008 में स्वप्निल असनोडकर के बल्ले से 9 मैचों के दौरान 133.47 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 311 रन निकले, जिसमें उन्होंने 2 फिफ्टी भी लगाईं.
पहले सीजन के बाद रंग में नहीं लौटे असनोडकर
आईपीएल के पहले सीजन में अपने खेल से सबको प्रभावित करने वाले स्वप्निल असनोडकर उसके बाद अपने बल्ले से छाप नहीं छोड़ पाए और दूसरी तरफ नीलामी के दौरान आईपीएल (IPL) फ्रेंचाइजियों ने उनमें दिलचस्पी दिखाना बंद कर दिया. उसकी वजह थी असनोडकर के आईपीएल के अगले दो सीजन में मजह 112 रन जोड़ना.
इसी कारण स्वप्निल असनोडकर का आईपीएल का सफर समाप्त हुआ. स्वप्निल असनोडकर ने अपना आखिरी मैच किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) की तरफ से खेला था, उसके बाद वो कभी भी आईपीएल में नजर नहीं आए. तो वही स्वप्निल असनोडकर ने भारत के घरेलू क्रिकेट में 88 फर्स्ट क्लास मैचों में शिरकत की.