- Hindi News
- Local
- Mp
- Super Corridor Accident, Mother And Son Death , Two People Seriously Injured
इंदौर37 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। कार को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भीषण था।
- कार के उड़े परखच्चे, कार सवार युवकों का पता नहीं चला, पुलिस को शंका शराब के नशे में थे कार सवार
- दो घंटे तक मृतक की जानकारी नहीं मिल पाई, लोग बोले – कार वाला काफी तेजी से आ रहा था, सामने जा रही मोपेड नहीं दिखी
सुपर कॉरिडोर पर रविवार को भीषण हादसा हो गया। कार सवार युवकों ने सामने जा रही मोपेड को टक्कर मारी औऱ फिर खुद असंतुलित होकर झाड़ियों में घुस गए। कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद पीछे से बाइक पर आए युवक कार सवार युवकों को ले गए। हादसे में मोपेड सवार 9 साल के मासूम औऱ उसकी 35 साल की मां की मौत हो गई, जबकि उसके ताऊ औऱ ताई को गंभीर चोट लगी है।
गांधी नगर टीआई अनिल सिंह यादव के अनुसार घटना टीसीएस चौराहे के पास रविवार को शाम को हुई। इस भीषण हादसे में मोपेड में सवार छोटा बांगड़दा निवासी 9 साल के राज पिता सुनील गेहलोत और उसकी मां अन्नपूर्णा पति सुनील की मौत हो गई। इसमें मोपेड चला रहे अशोक पिता रामदास गेहलोत औऱ उनकी पत्नी दुर्गा गेहलोत जख्मी हैं।
टीआई ने बताया कि ये चारों एक ही मोपेड पर सवार होकर सुपर कॉरिडोर से लवकुश चौराहे की तरफ जा रहे थे। तभी गांधी नगर की तरफ से कार (एमपी 09 डब्ल्यूई 1472) काफी तेजी से आ रही थी। इसमें चार युवक सवार थे। पुलिस को पता चला है कि वे सभी नशे में थे। उन्होंने सामने जा रही मोपेड को काफी तेजी से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोपेड सवार चारों लोग टकराते हुए एक दूसरे से काफी दूर फिंका गए।
हैंड ब्रेक लगाने से कार घिसट गई
टीआई के अनुसार कार सवार युवकों को शायद मोपेड दिखी नहीं होगी। वे नशे में एक-दूसरे से बात करते हुए जा रहे होंगे। जैसे ही टक्कर हुई तो कार सवार युवक ने अचानक हैंड ब्रेक लगा दिया। इससे कार वहीं घूमते हुए सर्विस रोड के पास झाड़ियों में जा घुसी। कार के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद कार सवार युवकों को पीछे से बाइक पर आए उनके दोस्तों ने बाहर निकाला। वे सभी को अपनी बाइकों पर बैठाकर भाग निकले। पुलिस ने आसपास के अस्पतालों में जानकारी निकाली, लेकिन कार सवार युवको का कहीं पता नहीं चला। नंबर और आरटीओ वेबसाइट के आधार पर कार मरीमाता कुम्हारखाड़ी निवासी मन्नुलाल की बताई जा रही है।
0