शाजापुर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
मंडी बंद की सूचना पर प्याज की बंपर आवक हुई।
शहर की सब्जी मंडी बुधवार का दिन प्याज की उपज लाने वाले किसानों के लिए अच्छा साबित हुआ। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि 3 से 5 सितंबर तक व्यापारी महासंघ के आह्वान पर अनाज और सब्जी मंडी बंद रहेगी। ऐसे में 16 से 17 रुपए किलो नीलाम होने वाला प्याज अचानक 18 से 19 रुपए के बाद 21 रुपए तक पहुंच गया। इधर बारिश के कारण जो किसान बुधवार को उपज लेकर नहीं आए थे वे भी उपज लेकर आए। इसके चलते मंडी में 10 हजार कट्टे की आवक हुई। वहीं लहसुन की आवक 300 कट्टे रही और दाम 9 हजार रुपए क्विंटल तक रहे।
प्याज के थोक व्यापारी दिलीप परियानी ने बताया कि तीन दिन मंडी बंद होने की सूचना के चलते जिले से अन्य प्रदेश और महानगरों में प्याज की उपज की पूर्ति हेतु व्यापारियों ने किसानों को उनकी प्याज के अच्छे दाम दिए। इसमें से लगे हुए और गीले प्याज 21 रुपए किलो में खरीदे गए। अभी प्याज की डिमांड महाराष्ट्र, बिहार, यूपी में बढ़ गई है और लगातार बनी हुई है। खरीदा हुआ प्याज व्यापारियों द्वारा ट्रांसपोर्ट की मदद से तुरंत सप्लाई कर दिया गया।
तीन दिन बंद रहेगी मंडी
मंडी सचिव डीसी राजपूत ने बताया कि मंडी समिति शाजापुर के समस्त व्यापारी 3 से 5 सितंबर तक मप्र व्यापारी महासंघ के आह्वान पर निजी मंडी स्थापना व मंडी अधिनियम में संशोधन एवं अध्यादेश के विरोध में मंडी बंद रखेंगे। साथ ही समस्त मंडी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा मप्र के आह्वान पर 3 सितंबर से अनिश्चितकाल के लिए मॉडल एक्ट के विरोध में अनाज मंडी एवं फल सब्जी मंडी (आलू, प्याज, लहसुन) बंद रख शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करेंगे।
0