चावल के साथ ही गेहूं की क्वालिटी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
राज्य सरकार ने फिलहाल चावल वितरण (Rice Supply) पर रोक लगा दी है. साथ ही मिलर्स से गुणवत्ता वाला चावल लेकर अगले हफ्ते सप्लाई करने कहा है.
वहीं इस पूरे मामले में सरकार के निर्देशों पर अब सियासत ने जोर पकड़ लिया है. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस पूरे मामले को सीबीआई को सौंपने की मांग की है. कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा है कि निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को पूरा मामला सौंपना जरूरी है, ताकि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाए. कमलनाथ ने आशंका जताई है कि इस घोटाले को डायवर्ट करने की कोशिश हो रही है. कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा है कि प्रदेश में कहीं चावल घोटाला, कहीं गेहूं में मिलावट, कहीं यूरिया में फर्जीवाड़ा निकल कर सामने आ रहा है. सार्वजनिक वितरण प्रणाली से गरीबों को बटने वाला चावल पोल्ट्री ग्रेड का होने का मामला बालाघाट, मंडला तक सीमित नहीं है. इसके तार पूरे प्रदेश से जुड़ते हुए नजर आ रहे हैं. यह एक बड़ा घोटाला है इसमें बड़ी मिलीभगत सामने आ रही है. पूरे प्रदेश में गरीबों को बांटने वाले चावल के साथ दूसरे सामग्री की भी जांच होना चाहिए.
शिवराज सरकार में ये क्या हो रहा है ?प्रदेश में कही चावल घोटाला, कही गेहूं में मिलावट, कही यूरिया वितरण में फ़र्ज़ीवाडा ?सार्वजनिक वितरण प्रणाली से ग़रीबों को बटने वाला चावल पोल्ट्री ग्रेड का होने का मामला सिर्फ़ बालाघाट व मंडला तक ही सीमित नहीं है,
— Office Of Kamal Nath (@OfficeOfKNath) September 4, 2020
बीजेपी ने साधा कांग्रेस पर निशाना तो वहीं बीजेपी ने भी गरीबों में घटिया क्वालिटी का चावल परोसे जाने पर पूर्व की कमलनाथ सरकार पर निशाना साधा है. कैबिनेट मिनिस्टर भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि सरकार की जानकारी में आया है कि इस चावल की खरीदी तत्कालीन कमलनाथ सरकार के समय हुई थी. फरवरी में हुई इस खरीदी के मामले में इंटेलिजेंस इनपुट भी सामने आया था, जिसकी जानकारी तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ को थी. बावजूद इसके इस पर कोई एक्शन नहीं हुआ. बीजेपी सरकार की जानकारी में आने के बाद पूरे मामले पर जांच हो रही है और जो भी दोषी निकलेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
ये भी पढ़ें: Unlock 4 in Himachal: प्रतियोगी परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए जरूरी खबर, ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
गेहूं पर भी सवाल
बहरहाल, प्रदेश में अब चावल के साथ ही गेहूं की क्वालिटी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. खबर इस बात को लेकर भी है कि सड़ा हुआ गेहूं राशन दुकानों से गरीबों को बांटा गया है. गरीबों की थाली में पहुंचने वाले अनाज की क्वालिटी से इस बात का साफ पता चलता है कि प्रदेश में बड़े स्तर पर अनाज घोटाला हुआ है जिसमें सरकारी अफसर से लेकर बड़े सप्लायर्स शामिल हैं. इसको लेकर हो रही सियासत भी फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रही है. जैसे-जैसे नई जानकारियां सामने आ रही है वैसे-वैसे सियासत भी तेज होती हुई दिख रही है.