- Hindi News
- Local
- Mp
- Indore Dacoity; Four Criminals Arrested, Who Robbery At Madhya Pradesh Industrialist Kailashchand Goyal
इंदौर19 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
लसूड़िया थाना क्षेत्र में उद्योगपति केसी गोयल के यहां डकैती करने वाले आरोपी गिरफ्तार।
- 8 जुलाई को उषा नगर में कपड़ा कारोबारी लोकेश चोपड़ा के घर में भी साथियों के साथ हवाला के रुपयों की शंका में डकैती डाली थी
लसुड़िया के कंचन विहार में रहने वाले उद्योगपति कैलाशचंद गोयल के यहां डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले चार बदमाश गिरफ्तार हो गए हैं। इस वारदात को देवास के कंजर गिरोह के बदमाशों के साथ इंदौर के दो बदमाशों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों बदमाशों ने 8 जुलाई को इंदौर के उषा नगर में कपड़ा कारोबारी लोकेश चोपड़ा के घर में भी साथियों के साथ हवाला के रुपयों की शंका में डकैती की वारदात की थी। इन्होंने डकैती के पहले 15 दिन रैकी की थी। इसके बाद गोयल व उनकी पत्नी को गन पॉइंट पर लिया। फिर अलमारियों में रखी रुपयों की थैली ले भागे।
डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कृष्णकांत (42) पिता कोक सिंह गोदने निवासी भैंरवाखेड़ी (देवास), हुकुम (64) पिता रामपाल मेहतर निवासी लक्ष्मीनगर सोनकच्छ (सीहोर), महाराज सिंह (42) पिता रमोले नागर नार्थ महंत काॅम्प्लेक्स मल्हारगंज, मुकेश (38) पिता रतनलाल परमार निवासी अंबिकापुरी खाटू श्याम मंदिर के पीछे, संजय (48) पिता नाथूलाल खरे निवासी श्याम नगर मेन, गोविंद (39) पिता मानसिंह ठाकुर निवासी जाम का बगीचा गौरी नगर है।
आरोपी संजय और गोविंद को कुछ समय पहले ही व्यापारी लोकेश चोपड़ा के यहां हुई वारदात में अन्नपूर्णा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कंचन विहार में गोयल परिवार के यहां डकैती में इनके तीन अन्य साथी हैं जो अभी फरार हैं। इस डकैती का सरगना कृष्णकांत है जो कंजर गिरोह का सदस्य है। इसके खिलाफ सदर बाजार में दो अपराध हैं। इससे एक देशी कट्टा मिला है। वहीं, आरोपी हुकुम पर पांच आपराधिक मामले हैं। इसे जेल में बंद आरोपी संजय खरे ने कंजर गिरोह के बदमाशों के साथ मिलवाकर वारदात की थी।
15 दिन रैकी की थी
आरोपी महाराज सिंह ने 15 दिन तक रवि तिवारी नाम के व्यक्ति को लाने ले जाने के बहाने गोयल के घर की रैकी की थी। वहीं, आरोपी मुकेश और गोविंद डकैती के लिए घर में घुसे थे। आरोपी संजय खरे ने गोयल के यहां हुई डकैती के लिए गाड़ी, हथियार आरोपियों को उपलब्ध करवाए थे। तीन बदमाश जो फरार हैं, उन्हें भी आरोपी संजय खरे ने बुलाया था।
आरोपियों ने कहा कि गोयल के यहां हवाला के करोड़ों रुपए रखे होने की सूचना मिली थी। उसे ही लूटने गए थे। घर के इलेक्ट्रॉनिक गेट लॉक होने से पहले ही वे घुस गए थे। नीचे दोस्त के साथ बैठे गोयल के बेटे और दोस्त को भी बंधक बना लिया था। बाद में गोयल व उनकी पत्नी को गन पॉइंट पर लिया। फिर अलमारियों में रखी रुपयों की थैलियां ले ली। बदमाशों को गोयल की बहू चैरी ने देख लिया था और खुद को कमरे में बंद कर पिता को फोन कर बुला लिया था। इधर, चैरी के फोन से आस-पास रहने वाले रिश्तेदार आए तो बदमाशों से मुठभेड़ भी हुई थी।
0