उपचुनाव को लेकर भाजपा तैयारियों में लगी हुई है.
मध्य प्रदेश विधानसभा के उपचुनाव (Madhya Pradesh Assembly By-Election) को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chauhan) ने प्रदेश के सांसद, विधायक और मंत्रियों के साथ मंथन किया है. इस दौरान उन्होंने कहा कि ये चुनाव हर हाल में जीतना है और 27 सीटें जीतने का संकल्प लेना है.
भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा के उपचुनाव (Madhya Pradesh Assembly By-Election) के रण के लिए बीजेपी ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में रविवार को बीजेपी प्रदेश मुख्यालय (BJP State Headquarters) में एक अहम बैठक हुई. इस बैठक में बीजेपी के विधायक सांसद और मंत्रियों को बुलाया गया. जबकि यह बैठक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chauhan), प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत ने ली. इस दौरान सांसद और विधायकों से 27 सीटों पर होने वाले उपचुनाव का फीडबैक लिया गया. मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि हमें लोगों के बीच जन कल्याण के काम लेकर जाना है. उनके बीच जाकर चौपाल लगानी है. सीएम ने उपचुनाव की अहमियत गिनाते हुए कहा कि ये समझ लो ये रुतबा जलवा तभी तक है जब तक सरकार है, इसलिए सब भूलभाल कर मैदान में उतरना होगा. केवल लेटर हेड पर नाम लिखवा कर नामधारी होने और माला पहनने से काम नहीं चलेगा. हर विधायक, सांसद और मंत्री काम करे और हर मोर्चे का उपयोग करें. सीएम ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग ज्यादा से ज्यादा करें. कांग्रेस के घपले जनता के बीच गिनाएं. ये चुनाव हर हाल में जीतना है और 27 सीटें जीतने का संकल्प लेना है. एक भी सीट जाने नहीं देनी है.