- Hindi News
- Local
- Mp
- Former Mayor Moghe And Former President Of Yuva Morcha Shukla Corona Positive, 276 New Positive Patients, Number Of Infected Increased To 14591, 418 Patients Died
इंदौर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- रविवार को रिपोर्ट आने के बाद मोघे और गोलू ने खुद को होम क्वारैंटाइन कर लिया
- पूर्व महापौर और विधायक मालिनी गौड़ के भतीजे शुभेन्द्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए
कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं। अधिकारी, कर्मचारी, नेता, समाजसेवी फ्रंट लाइन वर्कर्स बड़ी संख्या में पॉजिटिव आए हैं। भाजपा नेताओं के कोरोना पॉजिटिव आने का भी सिलसिला जारी है। रविवार काे पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे भी पॉजिटिव हो गए हैं। इसके अलावा युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष गोलू शुक्ला की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। रविवार को रिपोर्ट आने के बाद मोघे ने ख़ुद को होम क्वारैंटाइन कर लिया है। इधर, गोलू ने भी होम क्वारैंटाइन में हैं।
इतवारिया बाजार में पांच-छह परिवार संक्रमित
रविवार को इतवारिया बाज़ार में कांच मंदिर के आसपास के पांच-छह संभ्रांत परिवारों में संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से एक परिवार में चार सदस्य पॉजिटिव आए हैं। उनके आसपास के भी अन्य परिवारों में 2-3 मरीज संक्रमित मिले हैं। जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग का अमला स्क्रीनिंग के लिए मौके पर पहुंचा।
एबीवीपी की बैठक में शामिल विधायक का भतीजा कोरोना पॉजिटिव
एबीवीपी की राष्ट्रीय स्तर की इंदौर में हुई अहम बैठक में शामिल एक पदाधिकारी विधायक मालिनी गौड़ के भतीजे शुभेन्द्र कोरोना पॉजिटिव आ गए हैं। केंद्रीय कार्य समिति की इस बैठक में राष्ट्रीय स्तर के कई पदाधिकारी भी शामिल हुए थे। इनमें से कुछ कार्यकर्ता और भी हैं जिनमें लक्षण दिखाई दिए हैं।
12 से ज्यादा टीआई हो चुके संक्रमित,
थानों में लगातार कोरोना फैल रहा है। अब तक 12 से ज्यादा टीआई पॉजिटिव आ चुके हैं। 6 से ज्यादा टीआई आइसोलेट हैं। इससे अन्य थानों के टीआई तनाव में हैं, क्योंकि एहतियात बरतने के बावजूद उनके साथी संक्रमित हो रहे हैं। अफसरों से सलाह ली जा रही है कि आखिर क्या करें। जूनी इंदौर टीआई देवेंद्र चंद्रवंशी की मौत के बाद सभी थानेदारों ने एहतियात बरतना तेज कर दिया था। काढ़ा लगातार ले रहे थे। दिन में चार बार नहा रहे हैं। कम से कम लोगों से मिलने की प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फिर भी संक्रमित हो रहे हैं।
लोगों से बिना मिले काम नहीं चलता
थाना प्रभारियों का कहना है कि थाने पर बिना किसी से मिले या बिना किसी से संपर्क में आए काम नहीं चल सकता। किसी बदमाश को थाने लाने पर उससे पूछताछ करना भी जरूरी है। फरियादी से भी बात होना है। कितनी भी सावधानी बरत लें, संक्रमण फैलने की संभावनाएं खत्म नहीं होती। अब वे अफसरों से सलाह ले रहे हैं कि आखिर क्या करें। उधर, कई थानों पर तो थानेदार न के बराबर जा रहे हैं। दोपहर में दो-तीन घंटे के लिए जाते हैं। कुछ टीआई सीधे अपने कैबिन में जाकर बैठ जाते हैं। फिर बाहर नहीं निकलते।
अब तक चपेट में आ चुके ये टीआई
स्व. देवेंद्र चंद्रवंशी (जूनी इंदौर), संतोष यादव (खजराना), विजय सिसौदिया (एमआईजी), निर्मल श्रीवास (तुकोगंज), राहुल शर्मा (एरोड्रम), विनोद दीक्षित (पलासिया), कमलेश शर्मा (तुकोगंज), ज्योति शर्मा (महिला थाना), इन्द्र मणि पटेल (लसूड़िया), प्रीतम ठाकुर (मल्हारगंज) संतोष दूधी सांवेर और टीआई सविता चौधरी (रावजी बाजार)।
साढ़े 14 हजार के पार पहुंचे संक्रमित
शनिवार देर रात 2726 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई। इनमें 2441 की रिपोर्ट निगेटिव रही, जबकि 276 पॉजिटिव पाए गए। 7 रिपीट पॉजिटिव रहे, जबकि 2 के सैंपल रिजेक्ट हो गए। अब तक जिले में 2 लाख 31 हजार 517 लोगों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। इनमें 14591 संक्रमित मिले हैं। राहतभरी बात यह है कि 10 हजार 139 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वहीं, 418 की जान जा चुकी है। अभी भी 4034 एक्टिव केस हैं।
0