कमलनाथ ने कहा उप चुनाव में जनता के बीच कांग्रेस अपने 15 महीनों के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर जाएगी
कमलनाथ (Kamalnath) का दावा है कि बीजेपी (BJP) में त्रस्त और असंतुष्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी तादाद है. वो लोग कांग्रेस में शामिल होंगे.
न्यूज18 से बातचीत में कमलनाथ ने कहा उप चुनाव में भाजपा किसी के भी नाम के बलबूते पर नहीं जीत सकती. भाजपा नेता जनता का सामना कर रहे हैं और उन्हें सच्चाई क्या है यह भी समझ आ रही है.पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा उप चुनाव में किसी के भी नाम पर नहीं जीत सकती है. आम लोग समझ गए हैं कि 15 साल तक सिर्फ भाजपा ने गुमराह किया है.लेकिन कांग्रेस उप चुनाव में अपनी सरकार की 15 महीने की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी और जीतेगी.
भाजपा से कमलनाथ के सवाल
पूर्व सीएम ने भाजपा से सवाल किए. उन्होंने पूछा कि दो करोड़ रोजगार कहां गए? 20 लाख करोड़ में से किसी को भी कुछ मिला हो तो बताएं. मध्य प्रदेश के मतदाता मूर्ख नहीं हैं. जनता बहुत समझदार है.बैतूल में पीएम आवास योजना के हितग्राही से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंस को चुनावी स्टंट करार देते हुए कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के पास सिर्फ स्टंट बचा है. यह लोग कुछ और बात नहीं कर सकते हैं. कभी पाकिस्तान तो कभी चीन की बात करके लोगो की भावना को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं.
परिणाम बताएगा सच
कमलनाथ ने कहा उप चुनाव में जनता के बीच कांग्रेस अपने 15 महीनों के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर जाएगी और जनता ही इसकी गवाह भी है. मुख्यमंत्री शिवराजसिंह के ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ग्वालियर, चंबल के दौरे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा इसके क्या नतीजे होंगे यह वो ही जानें, वैसे मतगणना के दिन चुनावी परिणाम खुद उनको बता देगा सच्चाई क्या है.