भोपाल में अब एंटीबॉडी टेस्ट शुरू किया जा रहा है. (News18 क्रिएटिव)
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal) में कोरोना (Corona) संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अब एंटीबॉडी सर्वे करने का फैसला किया गया है.
अभियान को सफल बनाने के लिए एक योजनाबद्ध तरीके से काम का दावा किया जा रहा है. इसके तहत 60 दलों को ट्रेनिंग दी गई है. 7500 से अधिक व्यक्तियों का 15 सितंबर तक रैंडम टेस्ट किया जाएगा. सर्वे अभियान के लिए ज्यादा संक्रमण फैले क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है. अभियान में शामिल टीमों में लैब टेक्नीशियन सहित एक वार्ड प्रभारी, एक पुलिस स्टाफ, एक टेक्नीशियन और एक हेल्पर होंगे. एंटीबॉडी सर्वेक्षण से मिली जानकारी से कोरोना के इलाज में मदद मिलने की उम्मीद है.
थम सकता है संक्रमण
स्वास्थ्य विभाग ने सर्वे की पूरी की तैयारी कर ली है. बताया जा रहा है कि इस टेस्ट के अध्ययन से मिलने वाले परिणाम संक्रमण के फैलाव को रोकने में सहायक होंगे. इस अभियान के लिए संभागायुक्त कविंद्र कियावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया है. संभागायुक्त की मानें तो यह सर्वे अभियान कोरोना वायरस के संभावित क्षेत्रों को चिह्नित करने और इसके रोकथाम के लिए प्रभावी योजना बनाने में मददगार साबित हो सकता है. 7 सितंबर से 15 सितंबर तक स्वास्थ्य दल शहर के विभिन्न जोन की बस्तियों में घर-घर जाकर रेंडम आधार पर व्यक्तियों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे.